Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedअंतरराष्ट्रीय भिक्खुसंघ का भव्य आगमन…,9 फरवरी को त्रिरत्न बुद्ध विहार कोसमी का...

अंतरराष्ट्रीय भिक्खुसंघ का भव्य आगमन…,9 फरवरी को त्रिरत्न बुद्ध विहार कोसमी का लोकार्पण, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव का आयोजन

मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने (बालाघाट)

बालाघाट। जिले के कोसमी स्थित जिला स्तरीय त्रिरत्न बुद्ध विहार में 9 फरवरी 2026 को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर जापान, थाईलैंड, तिब्बत एवं भारत से सुप्रसिद्ध विद्वान बौद्ध भिक्षुगण बालाघाट पहुंचेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत त्रिरत्न बुद्ध विहार का लोकार्पण, तथागत सम्यक संबुद्ध की प्रतिमा का अनावरण एवं भिक्खु निवास का उद्घाटन किया जाएगा।

इस अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव का आयोजन बालाघाट जिला बौद्ध संघ, संरक्षक संघ बालाघाट, बहुजन संघ बालाघाट, आल इंडिया समता सैनिक दल बालाघाट, धम्मराज धम्म वर्ग संघ, जिला स्तरीय सार्वजनिक जयंती समारोह समिति, दी बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया शाखा बालाघाट एवं भारतीय बौद्ध महासभा बालाघाट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविख्यात धम्मदूत भदंत संघरत्न मानके (संस्थापक अध्यक्ष, पज्जा मेता संघ जापान/भारत) करेंगे। कार्यक्रम के उद्घाटक भदंत खोशो तानी (मुख्य विहारधीपति, जापान) तथा मुख्य अतिथि भदंत शोझेन आराही (निदेशक, द लाइट अप ए कॉर्नर, नेदाई संघ जापान) रहेंगे।

विशेष अतिथियों में भदंत शोताई योकोयामा (माउंट हिऐई, जापान), भदंत डॉ अनेक महाथेरो ज्ञानदीप (अध्यक्ष, थाई स्टूडेंट्स एसोसिएशन, बैंकाक), भदंत डॉ ज्ञानदीप महाथेरो (कोषाध्यक्ष, आल इंडिया भिक्खुसंघ बोधगया), भदंत डॉ वण्णसामी (नागपुर), भदंत खेइचि तेराशिमा (जापान), भदंत ज्योंखा ओनो (टोक्यो), भदंत लोबझाग तेपा (तिब्बती कैंप), भदंत डॉ चंद्रकीर्ति (राष्ट्रीय सलाहकार, आल इंडिया बुद्धिस्ट फोरम), भदंत धर्मशील (सारनाथ), भदंत नागसेन (भंडारा), भदंत कुमार कश्यप (झांसी), भदंत सुभद्रबोधी (मुरैना), भदंत धम्मतप (राजनांदगांव), भदंत देवानंद (नागपुर) सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय भिक्षु, भिक्षुणी, उपासक एवं उपासिकाएं शामिल होंगी।

कार्यक्रम के प्रमुख मार्गदर्शक भदंत धम्म शिखर (त्रिरत्न बुद्ध विहार कोसमी) रहेंगे। स्वागताध्यक्ष उपासक रमेश थेटे (सेवानिवृत्त प्रिंसिपल सेक्रेटरी, मध्यप्रदेश शासन), अधिवक्ता संजय खोबरागड़े (जिला अध्यक्ष, बालाघाट जिला बौद्ध संघ), देवेंद्र मेश्राम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

बालाघाट जिला बौद्ध संघ के जिला महासचिव रवि पटले ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 9 फरवरी को प्रातः 9 बजे डॉ बाबा साहब अंबेडकर चौक बालाघाट में संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा वंदना की जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे विशाल रैली शहर भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल त्रिरत्न बुद्ध विहार कोसमी पहुंचेगी।

दोपहर 12 बजे नव-निर्मित त्रिरत्न बुद्ध विहार का लोकार्पण, तथागत बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण एवं भिक्खु निवास का उद्घाटन होगा। 12:30 बजे जापानी, तिब्बती एवं पाली भाषा में पूजा वंदना के उपरांत अंतरराष्ट्रीय भिक्षुगणों द्वारा धम्म देशना दी जाएगी।

आल इंडिया समता सैनिक दल एवं बहुजन संघ के पदाधिकारियों ने जिले के समस्त बौद्ध उपासक-उपासिकाओं से अपील की है कि वे परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महोत्सव को सफल बनाएं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments