यूजीसी के समर्थन में भीम आर्मी का आंदोलन तेज, प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आज़ाद का बिलासपुर आगमन
मूकनायक/कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर छत्तीसगढ़
भीम आर्मी छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आज़ाद का बिलासपुर आगमन पर भीम आर्मी की बिलासपुर इकाई द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और साथियों ने आदर्श नागवंशी के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
यह आगमन देशभर में यूजीसी (यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन) के समर्थन में चल रहे भीम आर्मी के आंदोलन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से हुआ।
महामहिम के नाम यूजीसी के समर्थन एवं संगठन की प्रमुख मांगों को लेकर ज भीम आर्मी द्वारा ज्ञापन अभियान लगातार देश के विभिन्न हिस्सों में चलाया जा रहा है, जो शिक्षा व्यवस्था की मजबूती और सामाजिक न्याय के लिए एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आज़ाद ने अपने संबोधन में कहा कि यूजीसी उच्च शिक्षा की रीढ़ है और इसके अधिकारों, स्वायत्तता एवं सुदृढ़ीकरण के लिए भीम आर्मी पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है और यूजीसी को कमजोर करने वाली किसी भी नीति का संगठन पुरज़ोर विरोध करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने भी यूजीसी के समर्थन में अपने विचार रखे और आंदोलन को और अधिक तेज करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
भीम आर्मी के इस अभियान को आमजन और शिक्षाविदों का भी समर्थन मिल रहा है, जिससे आने वाले समय में यह आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।



