*दबोह पुलिस भी इस मौत की है जिम्मेदार* , *क्या दबोह टीआई लेंगे इस मौत की जिम्मेदारी*
*क्या एक और हादसे का इंतजार कर रही है दबोह पुलिस*
@ बुद्धप्रकाश बौद्ध, मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ भिण्ड @
दबोह । नगर दबोह में ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आज बुधवार शाम 4 बजे इंडियन पब्लिक स्कूल के पास घटिया पर हुआ।
बताया गया है कि एक ट्रक चालक डम्पर लेकर लहार से भाण्डेर की ओर जा रहा था। उधर विपरीत दिशा से वार्ड नं.- 01 में रहने वाले शिवदयाल दोहरे उम्र 65 वर्ष बाजार से सौदा लेकर अपने घर साइकिल पर सवाल होकर जा रहे थे। जब वृद्ध साइकिल लेकर इंडियन पब्लिक स्कूल के सामने, घटिया पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक UP 92 AT 3712 के पहिए में साइकिल सवार वृद्ध का संतुलन बिगड़ा और वह ट्रक के नीचे आ गया और शरीर का आधा हिस्सा पहिए में फंस गया। जिससे अधेड़ की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी लगते ही दबोह पुलिस मौके पर पहुंची। और ट्रक के पहिए में फँसे शव को लोगों की मदद से बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। घटना में दबोह पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए लहार अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजनों एवं वहां मौजूद आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ करने और आग लगाने और पहियों की हवा निकालने की कोशिश की । किन्तु पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने में रखवा दिया।
*ओवरलोड और भारी वाहन गुजरने से और भी हो चुकी मौतें, इनका जिम्मेदार कौन*
दबोह नगर में आए दिन ऐसे सड़क हादसे होते रहते हैं, बीच बाजार से दिन दहाड़े भारी वाहन गुजरने से लोगों को हादसे का भय सताता रहता है। यह वाहन भीड़भाड़ वाले इलाके से बहुत ही तेज गति से गुजरते हैं। जिससे कभी भी हादसा होने की संभावना बनी रहती है। दबोह बाजार में इंडियन पब्लिक स्कूल के पास घटिया पर बहुत ही संकरी जगह है। जिससे वहां पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।
*लोगों ने दिन में भारी और ओवरलोड वाहन निकलने पर प्रतिबंध लगाने की माँग की*
दबोह की जनता ने टीआई और वरिष्ठ अधिकारियों से इस वृद्ध की मौत पर आक्रोशित होकर दिन में बाजार से भारी वाहन निकालने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कभी भी बड़े और ओवरलोड होने से और भी लोग मौत के मुँह में समा सकते हैं। इसलिए ट्रक, डंपर आदि वाहनों पर रोक लगाई जाए। इनको रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक निकलने की अनुमति हो। ताकि अब और कोई हादसा न हो पाए।
*दबोह पुलिस की सह पर ही निकलते हैं भारी वाहन*, *चंद रुपयों के लालच में पुलिस करती है मौत का सौदा*
दबोह नगर से हर रोज भारी और ओवरलोड वाहन बाजार में फर्राटे भरते नजर आते हैं। अगर पुलिस चाहे तो इन वाहनों पर प्रतिबंध लगा सकती है। लेकिन जब कोई हादसा होता है, तो कुछ दिन तक तो वाहन नो एंट्री में रखे जाते हैं। और कुछ समय बाद फिर वही ढाक के तीन पात वाली कहावत चरितार्थ होती है।
नगर दबोह में रोज अवैध रेत से भरे हुए ट्रैक्टर ट्राली लोगों की जान से खिलवाड़ करते हुए मिल जाएंगे। लेकिन चूँकि दबोह टीआई की जेब गर्म कर दी जाती है। जिससे उन्हें भी कोई फर्क नहीं पड़ता । और बेरोकटोक वाहन पुलिस की नाक के नीचे से थाने के सामने से फर्राटे भरते हुए एक्शन के साथ गुजरते रहते हैं। दबोह पुलिस का ये सिलसिला अभी का नया नहीं है, बल्कि कई सालों पुराना है।
अब देखते हैं कि पुलिस इन वाहनों पर दिन में हमेशा के लिए रोक लगाती है या नहीं।

