*मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी करौली/राजस्थान।
करौली, 28 जनवरी। जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना की अध्यक्षता में एनआईसी के वीसी कक्ष में नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षीय जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षीय ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवीआर सुब्रमण्यम द्वारा वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर देशभर के 112 आकांक्षीय जिलों एवं 500 आकांक्षीय ब्लॉकों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं अन्य हितधारक वर्चुअली जुड़े। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान 2.0 का आयोजन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चयनित विकासात्मक संकेतकों में 100 प्रतिशत सैचुरेशन प्राप्त कर शासन की योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर 5 प्रमुख नीति संकेतकों, ब्लॉक स्तर पर 6 प्रमुख नीति संकेतकों को शत-प्रतिशत सैचुरेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, डेटा-आधारित समीक्षा, फील्ड लेवल मॉनिटरिंग तथा सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जाएगा।नीति आयोग द्वारा यह अभियान परिणाम-आधारित प्रशासन, समावेशी विकास एवं सेवा वितरण में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आकांक्षीय जिलों और ब्लॉकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत सुविधाओं एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े प्रमुख क्षेत्रों में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जा सकेगी। इस वीसी के दौरान करौली जिले से जिला कलेक्टर व संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

