दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया।
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
नागपुर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह मोतीबाग स्थित रेलवे खेल संघ मैदान में आयोजित हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
ध्वजारोहण के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड एवं स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने समस्त रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश का संदेश एवं नागपुर मंडल में बीते वर्ष की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मंडल ने माल ढुलाई, परिचालन दक्षता तथा राजस्व अर्जन के क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा सुरक्षित, समयबद्ध रेल संचालन के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें दर्शकों ने भरपूर सराहना दी। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रंगोली चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बच्चों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह समारोह वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री उदय कुमार भारती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। संगठन की अध्यक्षा डॉ. निर्मला गुप्ता सहित पदाधिकारियों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों में सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त, मंडल रेल प्रबंधक द्वारा भोला स्कूल, मोतीबाग में तथा रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो) की अध्यक्षा एवं मंडल रेल प्रबंधक द्वारा लिटिल स्टेप स्कूल, अजनी में राष्ट्र ध्वज फहराया गया, जिससे विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारी, कर्मचारी संघों के प्रतिनिधि, स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारगण, तथा बड़ी संख्या में उपस्थित रेलकर्मियों ने राष्ट्र के विकास और रेलवे की प्रगति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प लिया।


