कुएं में डूबने से मासूम बच्चे की मौत
आयोग ने कलेक्टर जबलपुर से एक माह में मांगा जवाब
जबलपुर जिले के ग्राम चरगवां में कुएं में डूबने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चे के माता-पिता त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के दूसरे चरण में बीते शुक्रवार को ग्राम कोहला में वोट डालने गये थे। वे लौटकर आये तो उनके मासूम बेटे की कुएं में डूबने से मौत हो गयी थी। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, जबलपुर से एक माह में जवाब मांगा है। आयोग ने यह भी पूछा है कि मृतक बच्चे के माता-पिता को राज्य शासन के राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6(4) के तहत मुआवजा राशि दी गई है या नहीं ?
दबंग चैकी प्रभारी ने युवक को बेरहमी से पीटा
आयोग ने एसपी पन्ना से तीन सप्ताह में मांगा जवाब
पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हनुमतपुर चैकी में एक चैकी प्रभारी द्वारा पुलिस अभिरक्षा में लाये गये एक युवक के साथ जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने पर यह मामला प्रकाश में आया है। सब्दुआ निवासी पीड़ित जगत पिता चंदू पटेल अजयगढ़ अस्पताल में भर्ती है। उसने अपने शरीर के जख्म दिखाते हुये लोगों को बताया कि उसके केस पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, पन्ना से तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।

