मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी करौली/राजस्थान।
करौली जिले के सूरौठ में सूचना प्रौद्यौगिकी एवं संचार विभाग हिण्डौन ब्लॉक कार्यालय की टीम ने सूरौठ परिक्षेत्र में ई मित्र कियोस्कों एवं आधार केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
सूचना प्रौद्यौगिकी एवं संचार विभाग हिण्डौन के प्रोग्रामर भूपेन्द्र महावर, सहायक प्रोग्रामर अमित कुमार सिंहल एवं योगेश गर्ग आदि ने निरीक्षण के दौरान ओवरचार्ज लेने वाले ई मित्र संचालकों पर पेनल्टी भी लगाई गई।
गांव धंधावली में संचालित एक ई मित्र संचालक की ओर से खाद्य सुरक्षा सूची में नाम दर्ज करवाने हेतु आवेदन शुल्क में ओवर चार्ज करने पर पांच हजार रुपए की पेनल्टी लगाई गई। बताया गया कि राजस्थान सम्पर्क पोर्टल 181 पर धंधावली के ई मित्र संचालक के विरुद्ध एक जने ने परिवाद दर्ज करवाया था कि खाद्य सुरक्षा सूची में नाम जोड़ने के लिए 1200 रुपए लिए गए हैं।
विभाग द्वारा कियोस्क पर 5 हजार की पेनल्टी लगाई गई है। इसी तरह टीम ने भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र, ग्राम पंचायत चिनायटा में पर संचालित आधार केन्द्र की जांच की गई। टीम ने सभी ई मित्र संचालकों को मापदण्डों के अनुसार कियोस्क पर नवीन दर सूची व ई-मित्र का अधिकृत को-ब्राण्डेड बैनर लगाने के निर्देश दिए।

