मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/करौली/ राजस्थान।
करौली। जिले में गणतंत्र दिवस एवं आगामी मेलों-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने की, जिसमें प्रशासन, पुलिस एवं शांति समिति के सदस्यों ने कानून व्यवस्था, जनसमस्याओं और सुरक्षा इंतजामों को लेकर अपने सुझाव व सवाल रखे।बैठक के दौरान शांति समिति सदस्य धर्म मीना ने वाहनों पर ब्लैक फिल्म और नए अस्पताल में पुलिस चौकी खोलने का मुद्दा उठाया। इस पर पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कहा कि एक-दो दिन में स्थान चिन्हित कर अस्पताल परिसर में चौकी खोल दी जाएगी। करौली में भवन सीज, खरेटा रोड स्थित बूचड़खाने, मोहन नगर क्षेत्र में शहर के मध्य चल रहे बूचड़खाने और नीम का बाजार में बार-बार बंद कराने के बावजूद दोबारा शुरू होने की शिकायतें भी सामने आईं। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को लेकर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई।गजेंद्र शर्मा एडवोकेट ने शहर की गलियों में जाम, यातायात पुलिस की निष्क्रियता, होमगार्ड की तैनाती और मदनमोहन मंदिर गेट के बाहर गार्ड लगाने की मांग भी उठी। मासलपुर में अन्नपूर्णा रसोई खोलने, महावीरजी थाना दादनपुर क्षेत्र में जुआ-ताश खेलने की शिकायत, जल जीवन मिशन के तहत मासलपुर मिश्रपड़ा गांव में गंदे पानी की समस्या पर भी चर्चा हुई। हिंडौन में बेसहारा सांड, बंदर और कुत्तों की बढ़ती समस्या तथा श्रीमहावीरजी के सिद्धार्थ रिसॉर्ट क्षेत्र में पुलिस बल बढ़ाने की मांग अधिवक्ता उद्यो सिंह ने रखी। जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने सभी मुद्दों पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस और मेलों-त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में एडीएम हेमराज परिड़वाल, सीईओ शिवचरण मीना, एसडीएम प्रेमराज मीना, डिप्टी एसपी अनुज शुभम, कोतवाल अध्यात्म गौतम, सहित शांति समिति के पदाधिकारी व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

