मूकनायक/धौलपुर/ चन्द्रशेखर मौर्य/ सब ब्यूरो चीफ़ ,धौलपुर।
धौलपुर: ग्राम कोनसा पंचायत समिति सरमथुरा धौलपुर, पंचायत समिति सरमथुरा के अंतर्गत ग्राम कोनसा में हाल ही में बनाए जा रहे खड़ंजे के निर्माण में गंभीर अनियमितताएँ सामने आई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य अत्यंत घटिया गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है, जिसमें न केवल मानकविहीन सामग्री का प्रयोग हो रहा है बल्कि निर्धारित तकनीकी मापदंडों और निर्माण नियमों की भी खुली अवहेलना की जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार खड़ंजे की निर्धारित मोटाई नहीं रखी गई, ईंटों व पत्थरों की गुणवत्ता बेहद निम्न स्तर की है तथा बेस की तैयारी और समतलीकरण में भारी लापरवाही बरती गई है। हालात यह हैं कि निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही खड़ंजा कई स्थानों पर धंसने, टूटने और उखड़ने लगा है।ग्रामीणों ने बताया कि इस खराब निर्माण के कारण आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि जनहित के लिए स्वीकृत विकास कार्यों में इस तरह की लापरवाही आखिर किसके संरक्षण में हो रही है।इस पूरे मामले ने संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सार्वजनिक धन की बर्बादी के साथ-साथ लोगों की जान-माल को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि खड़ंजे के निर्माण की निष्पक्ष व तकनीकी जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदार एवं अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा खड़ंजे का पुनर्निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से कराया जाए।

