Thursday, February 26, 2026
Homeराजस्थानमदारिया चौखला नीलगर रंगरेज समाज ने मौला अली शेरे खुदा के जन्मदिवस...

मदारिया चौखला नीलगर रंगरेज समाज ने मौला अली शेरे खुदा के जन्मदिवस पर 75 शिक्षित प्रतिभाओं का किया सम्मान

मूकनायक/ गोपाल मेघवंशी

राजसमंद /राजस्थान

कुरज (राजसमंद) मदारिया चौखला नीलगर रंगरेज समाज सेवा संस्थान की ओर से समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मौला अली शेरे खुदा के जन्मदिवस के अवसर पर 03 जनवरी 2026 को कुरज स्थित सैयद अली बाबा दरगाह परिसर में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के 75 होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन मदारिया चौखला नीलगर रंगरेज समाज की नवनिर्वाचित कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दूसरा सबसे बड़ा कार्यक्रम रहा। इससे पहले सामूहिक विवाह सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया था। दोनों कार्यक्रमों को समाज के सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

समाज के सदर अब्दुल करीम रंगरेज ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी समाज शिक्षा के बिना प्रगति नहीं कर सकता और शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी समाज की एजुकेशन कमेटी को सौंपी गई थी, जिन्होंने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। सभी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मंच पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वर्ष 2025 में सरकारी सेवाओं में चयनित समाज के युवा-युवतियां विशेष चर्चा का विषय रहे। भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित शोएब मोहम्मद आरणी, राजस्थान पुलिस कांस्टेबल असलम मोहम्मद आरणी, नर्सिंग स्टाफ सद्दाम हुसैन पचमता, चिकित्सा विभाग से असलम डायर कांकरोली, आयुर्वेदिक नर्स मदीना बानो बागोर, व्याख्याता मुस्कान बानो रेलमगरा तथा चिकित्सा विभाग की रुकैया बानो कुरज को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

खजान मजीद हुसैन रंगरेज ने बताया कि इस सम्मान समारोह में वे छात्र-छात्राएं भी शामिल रहे जिन्होंने वर्ष 2025 में मदरसों से अलीम, अलीमा, हाफिज, कारी और मुफ्ती की डिग्रियां प्राप्त कर विभिन्न सरकारी सेवाओं में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में दीनी तालीम के साथ दुनियावी तालीम हासिल करना बेहद जरूरी हो गया है।
समारोह में समाज के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।

सदर अब्दुल करीम रंगरेज, खजान मजीद हुसैन, सेक्रेटरी शमसुद्दीन गौरी सहित समाज के पूर्व पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में समाज की एकजुटता और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता साफ दिखाई दी।
रंगरेज समाज मदारिया चौखला की ओर से सभी प्रतिभाओं को स्कूल बैग, पानी की बोतल, बैट, डिनर बॉक्स, 500 रुपये नकद, मोमेंटो एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

मीडिया प्रभारी मोहम्मद अशरफ रंगरेज मोखुंदा ने बताया कि यह आयोजन समाज के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि दीनी तालीम के साथ दुनियावी तालीम आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और सोशल मीडिया का सही उपयोग ही समाज को सही दिशा दे सकता है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments