368 प्रतिभाओं के सम्मान से गूंजा मेघवाल समाज प्रतिभा सम्मान समारोह
सांचौर – मेघवाल युवा परिषद एवं सामाजिक विकास संस्था सांचोर–चितलवाना के तत्वावधान में आयोजित 16वां मेघवाल समाज प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। यह आयोजन मेघवाल समाज बाबा रामदेव मंदिर परिसर, भारतमाला सर्किल के पास, रानीवाड़ा रोड, लाछड़ी में संपन्न हुआ, जिसमें समाज के हर वर्ग की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ परम श्रद्धेय बलदेवनाथ महाराज, शिव मठ सांचोर के पावन सानिध्य में हुआ। महाराज ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति शिक्षा, संस्कार और नैतिक मूल्यों में निहित है। उन्होंने युवाओं से संयम, अनुशासन और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नानजीराम गुलसर, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा के साथ अनुशासन और आत्मसंयम अनिवार्य है। समाज जब संगठित होकर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करता है, तभी स्थायी और सकारात्मक बदलाव संभव होता है।
समारोह के विशेष अतिथि विनोद जाखड़, प्रदेशाध्यक्ष NSUI राजस्थान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों—समानता, न्याय और बंधुत्व—को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सही मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशा, भटकाव और निराशा से दूर रहकर लक्ष्य के प्रति निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
देशलाराम (SDM चितलवाना) ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की दिशा देते हैं।
रणछोड़ लाल सोलंकी (SDM चौहटन) ने कहा कि शिक्षा को प्राथमिकता देने वाला समाज ही सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनता है।
पोपटलाल (ACBEO सांचोर) ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय प्रबंधन और नियमित अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला।
आंबा राम पांचल अरणाय (प्रधानाचार्य) ने कहा कि शिक्षक और अभिभावक के संयुक्त प्रयास से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।
मोहनलाल परमार (AEN) ने समाज में सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों को प्रगति की कुंजी बताया।
रमेश बॉस, समाजसेवी अगार ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं पर किया गया निवेश भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली मंच संचालन प्रकाशचंद मालवाड़ा द्वारा किया गया। समारोह के दौरान समाज की विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 368 होनहार प्रतिभाओं को सिल्वर मेडल, मोमेंटो, बैग, प्रशस्ति पत्र एवं डॉक्यूमेंट फाइल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान सामग्री समाज के भामाशाहों के सहयोग से उपलब्ध करवाई गई।
मेघवाल युवा परिषद के अध्यक्ष जवारा राम गोयल (लाछड़ी) ने बताया कि इस आयोजन की सफलता में मेघवाल युवा परिषद की पूरी टीम एवं MYP ग्रामीण इकाई लाछड़ी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने सभी अतिथियों, भामाशाहों, कार्यकर्ताओं एवं प्रत्यक्ष–अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, पंचगण, मातृशक्ति, युवा साथी एवं दूर-दराज से पधारी प्रतिभाओं की उपस्थिति ने समारोह को और भी भव्य एवं ऐतिहासिक बना दिया।

