मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार
सांचौर, 21 नवंबर 2025 — सत्यम हॉस्पिटल सांचौर में आज एक प्रेरणादायक पहल हुई, जहां एक नवजात बच्ची का जन्म होते ही उसी समय आधार कार्ड बना दिया गया। यह कदम तेज़ प्रशासनिक व्यवस्था और तकनीकी सुविधा का बेहतरीन उदाहरण बना। वाघेला ई-मित्र सर्विस सांचौर के संचालक मूलाराम वाघेला ने जन्म की सूचना मिलते ही अपने आधार ऑपरेटर को हॉस्पिटल भेजा। डॉ. मासिंगाराम चौधरी ने बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र तुरंत तैयार करवाया और आधार टीम को उपलब्ध कराया। आवश्यक दस्तावेज़ और माता-पिता के फिंगरप्रिंट लेकर आधार ऑपरेटर ने तुरंत आधार प्रक्रिया पूरी की। बच्ची के जन्म पर मूलाराम वाघेला ने हॉस्पिटल पहुँचकर माता-पिता को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने परिवार को बालिका शिक्षा, पोषण, तथा बेटी के जन्म पर मिलने वाली सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की, ताकि बच्ची को शुरुआत से ही उचित लाभ मिल सके। डॉ. मासिंगाराम चौधरी ने इस त्वरित सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि जन्म प्रमाण पत्र बनते ही आधार उपलब्ध हो जाना परिवारों के लिए बेहद सहायक है।नवजात बच्ची का नाम माता-पिता ने आरुषि परमार रखा है। परिवार ने समय पर आधार बन जाने पर खुशी जताई और आधार टीम तथा हॉस्पिटल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

