Thursday, February 26, 2026
Homeभिंडमुस्कान अभियान: टीआई राजेश शर्मा ने स्कूली बच्चों को बताए सुरक्षा के...

मुस्कान अभियान: टीआई राजेश शर्मा ने स्कूली बच्चों को बताए सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियम

अनुसूचित जाति क्रमांक 2 और दिल्ली पब्लिक स्कूल में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

मूकनायक न्यूज/ बुद्धप्रकाश बौद्ध पत्रकार

दबोह (भिंड), 20 नवम्बर। गुरुवार को दबोह थाना प्रभारी टीआई राजेश शर्मा ने अनुसूचित जाति क्रमांक 2 स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल में पहुँचकर बच्चों को गुड टच और बैड टच की महत्वपूर्ण जानकारी दी। शासन द्वारा संचालित “मुस्कान अभियान” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

टीआई शर्मा ने छात्रों को बताया कि गुड टच वह स्पर्श है जिससे बच्चा सुरक्षित और सहज महसूस करे, जैसे माता-पिता या शिक्षकों द्वारा दिया गया स्नेहपूर्ण स्पर्श। जबकि बैड टच वह स्पर्श है जिससे बच्चे को डर, असहजता या शर्मिंदगी महसूस हो। उन्होंने सलाह दी कि यदि कभी किसी गलत स्पर्श का सामना हो तो बच्चे तुरंत माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को बताएं।

इस दौरान टीआई राजेश शर्मा ने बच्चों को सोशल मीडिया की सुरक्षा के बारे में भी सचेत किया। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट फेसबुक या इंस्टाग्राम पर स्वीकार न करें, क्योंकि वह व्यक्ति फ्रॉड हो सकता है और आपकी फोटो या जानकारी का गलत इस्तेमाल कर भविष्य में आपको ब्लैकमेल कर सकता है। इससे मानसिक और आर्थिक दोनों रूप से परेशानी उठानी पड़ सकती है।

उन्होंने बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, तथा बाल सुरक्षा हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। साथ ही आत्मरक्षा, सतर्कता और अनजान लोगों से दूरी बनाकर रखने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा दिशा-निर्देश भी बताए।

कार्यक्रम में स्कूली स्टाफ और थाना स्टाफ मौजूद रहा। शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों को सुरक्षित और जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस दौरान स्कूली स्टाफ में सुनील यादव, ऋषिकांत कुशवाह, कप्तान कौरव, के के कौरव, मनोज दीक्षित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments