मूकनायक/नरेश जाटव
कैलादेवी/करौली/राजस्थान
करौली जिले के कुड़गांव थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और कुड़गांव अस्पताल पहुंचाया।मृतक की पहचान कैलादेवी थाना क्षेत्र के अस्थल-धोरेरी निवासी गहलोत सैनी (20) पुत्र बद्री सैनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गहलोत गुरुवार शाम करीब 5 बजे बिना बताए घर से निकला था।रात लगभग 7:30 बजे परिजनों ने उससे मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। चिंतित होकर परिजन कैलादेवी थाने पहुंचे। पुलिस की मदद से मृतक के मोबाइल की लोकेशन कुड़गांव मंडावरा तालाब के पास मिली।ग्रामीणों ने रात भर तलाश की, लेकिन अंधेरे और घने पेड़ों के कारण कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह बूढ़ा मंडावरा स्थित हनुमान मंदिर से लौट रहे कुछ ग्रामीणों ने तालाब के पास पेड़ पर लटके शव को देखा और पुलिस को सूचित किया।सूचना पर कुडगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कुडगांव अस्पताल भेज दिया।परिजनों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और ग्रामीणों के बयानों को शामिल किया जाएगा। मौत के कारणों और सही समय की पुष्टि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।

