Thursday, February 26, 2026
Homeभिंडरायपुरा में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव,आरोपियों के घरों...

रायपुरा में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव,आरोपियों के घरों में आगजनी, भारी पुलिस बल तैनात,पत्नी और पांच साल का बेटा बिलख उठा — बोला – पापा कहां चले गए ?

मूकनायक/ बुद्धप्रकाश बौद्ध पत्रकार
भिंड /मध्य प्रदेश

दबोह , 26 अक्टूबर 2025

भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के रायपुरा नंबर 2 गांव में शनिवार की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत और ग़म में डुबो दिया। पुरानी रंजिश के चलते कुछ दबंगों ने दलित युवक रूद्र प्रताप सिंह जाटव (35 वर्ष) की बीच रास्ते में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

रूद्र प्रताप अपने मामा तुलाराम जाटव (55 साल) के साथ बाजार से लौट रहे थे। जैसे ही वे रिनियां गांव के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे कौरव परिवार के पांच लोगों — रणवीर कौरव, अशु कौरव, प्रह्लाद कौरव, राजीव कौरव और कुंवर सिंह कौरव— ने उन पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने इतनी बेरहमी से प्रहार किए कि रूद्र प्रताप लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें ग्वालियर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

“अब किसके सहारे जिऊँ…” — पत्नी का विलाप, मासूम बेटे की आंखों में डर

घर पहुंचते ही रूद्र प्रताप का शव देखते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पाँच साल का बेटा बेसुध माँ को बार-बार झकझोरकर पूछ रहा था — “माँ, पापा कहाँ चले गए?”
गांव के लोग कहते हैं, रूद्र प्रताप मेहनतकश, शांत और सभी का सम्मान करने वाला युवक था। उसकी हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है।

गांव में भड़का गुस्सा, आगजनी और तोड़फोड़

मौत की खबर फैलते ही जाटव समाज के लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने ग्राम रिनियां में आरोपियों के घरों पर हमला कर दिया और उनकी कार व बाइक में आग लगा दी। पलभर में गांव में तनाव फैल गया। रायपुरा और रिनिया गांव के बीच 2 किलोमीटर का फासला है।

एसपी पहुंचे मौके पर, पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही भिंड एसपी असित यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

एससी-एसटी एक्ट समेत हत्या का मामला दर्ज

टीआई राजेश शर्मा ने बताया कि पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ धारा 302 (हत्या) और एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही कर ली जाएगी। हमारी साइबर सेल सहित पूरी टीम तत्परता और प्राथमिकता से आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में लगी हुई है। इस मौके पर लहार एसडीएम विजय सिंह यादव, एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी, तहसीलदार दीपक शुक्ला , नायब तहसीलदार अरविंद शर्मा, सहित अन्य पुलिस अधिकारी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।

इनका कहना है
“यह बेहद गंभीर मामला है, सभी आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। किसी भी निर्दोष को नुकसान नहीं होगा, लेकिन दोषियों को सख्त सज़ा दिलाई जाएगी।” डॉ. असित यादव पुलिस अधीक्षक भिंड।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments