मूकनायक/ ओमप्रकाश वर्मा राष्ट्रीय प्रभारी
वैर/भरतपुर/ राजस्थान
वैर, 24 सितंबर 2025:राजस्थान के भरतपुर संभाग के वैर क्षेत्र के अजरौंदा गांव में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने की घटना से ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। इस विरोध में भीम आर्मी के प्रदेश सह-संयोजक रामवीर जाटोलिया के नेतृत्व में ग्रामीणों सहित आसपास के कार्यकर्ताओं ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में भीम आर्मी के समर्थक मौजूद हैं, जो अपनी मांगें मनवाने के लिए दृढ़ संकल्पित दिख रहे हैं।
कार्यकर्ताओं की मुख्य मांगें हैं- प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, अष्ट धातु की नई प्रतिमा स्थापित करना तथा ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर उक्त भूमि का पट्टा जारी करना। रामवीर जाटोलिया ने कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होंगी, अनशन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है, ताकि शांति बनी रहे।
इधर, भरतपुर संभाग के भीम आर्मी भारत एकता मिशन प्रभारी रिंकू खेड़ी हैवत ने आसपास के सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में अनशन स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष दलित समाज की गरिमा और बाबा साहब के सम्मान की लड़ाई है। साथ ही, रिंकू खेड़ी ने प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर समस्या का समाधान करने की अपील की है, ताकि मामला और तूल न पकड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा खंडित होना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि सामाजिक सद्भाव को भी चुनौती है। स्थानीय प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन कार्यकर्ताओं का अनशन दूसरे दिन में प्रवेश कर चुका है। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और जिला प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है।

