मूकनायक | बुद्धप्रकाश बौद्ध
भिण्ड, 20 सितम्बर । ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा 30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे हैं। संस्थान के प्रमुख संजीव श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इन प्रशिक्षणों में कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग, मोबाइल रिपेयरिंग, सिलाई, ब्यूटी पार्लर सहित 64 प्रकार के व्यावसायिक प्रशिक्षण शामिल हैं। इन प्रशिक्षणों का पंजीयन 30 सितम्बर 2025 तक किया जा सकेगा।
श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रशिक्षण भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रायोजित एवं पूर्णतः निःशुल्क है। इसके माध्यम से प्रतिभागी स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। प्रशिक्षण हेतु आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित है।
इसमें ग्रामीण क्षेत्र के बीपीएल कार्डधारक, स्व-सहायता समूह से जुड़े परिवार, मनरेगा जॉब कार्डधारी और शिक्षित युवक-युवतियों को प्राथमिकता दी जाएगी। छात्र-छात्राओं को इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा । इच्छुक युवक-युवतियों से आग्रह किया गया है कि वे शीघ्र निःशुल्क पंजीयन कराएं। पंजीयन एवं अधिक जानकारी हेतु इच्छुक आवेदक सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, जिला पशु चिकित्सालय परिसर, बस स्टैंड के सामने, भिण्ड में संपर्क कर सकते हैं।

