मूकनायक के न्यूज पोर्टल में ‘ दबोह में नायब तहसीलदार की कुर्सी खाली, जनता बेहाल ‘ शीर्षक से खबर हुई थी प्रकाशित
मूकनायक, बुद्धप्रकाश बौद्ध , जिला ब्यूरो चीफ भिंड-दतिया मप्र
दबोह (भिंड ) , 12 सितंबर । मूकनायक की खबर ने एक बार फिर असर दिखाया है। हाल ही में प्रकाशित समाचार में उजागर हुई अनियमितताओं और कार्यप्रणाली पर उठे सवालों के बाद कलेक्टर ने बड़ा कदम उठाते हुए अरविन्द शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उनकी जगह अब आर.के. इमले को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि मूकनायक के न्यूज पोर्टल पर 10 सितंबर , बुधवार को अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया था कि अरविन्द शर्मा अपने पद पर रहते हुए अपेक्षित दायित्वों का निर्वहन ठीक तरह से नहीं कर पा रहे थे। इसकी खबर न्यूज पोर्टल पर लगते ही जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और जांच-पड़ताल के बाद कलेक्टर के अनुमोदन पर अपर कलेक्टर एल के पांडेय ने यह कार्रवाई की। पोर्टल पर खबर लगने के एक दिन बाद ही यह आदेश तत्काल में गुरुवार को ही जारी कर दिया गया।
कलेक्टर के इस निर्णय ने साफ कर दिया है कि मीडिया द्वारा उठाए गए मुद्दों को न केवल गंभीरता से लिया जा रहा है, बल्कि उन पर ठोस कार्यवाही भी की जा रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मूकनायक की निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के चलते प्रशासनिक लापरवाही पर अंकुश लगा है। वहीं, नई जिम्मेदारी संभालने वाले आर.के. इमले से लोगों को अपेक्षा है कि वे पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

