पुलिस अधीक्षक भिंड ने की सख्त कार्रवाई, 7 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी
मूकनायक/बुद्धप्रकाश बौद्ध पत्रकार/ भिंड – दतिया मध्यप्रदेश
लहार (भिंड), 8 सितंबर/मूकनायक । सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने भिंड पुलिस महकमे की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में थाना लहार में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामराज सिंह गुर्जर द्वारा खाद बीज लेने के लिए लाइन में खड़े हुए किसानों पर बल प्रयोग करते हुए देखा गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि किसानों को आसपास से ही बैठने का कहने की आवाज सुनाई देती है तभी उक्त जवान अन्नदाताओं पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसा देता है। और फिर किसान लाठियां खाकर नीचे बैठने लगते हैं।।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिंड पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. असित यादव ने तुरंत प्रभाव से प्रधान आरक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। एसपी ने आदेश में उल्लेख किया है कि आरक्षक का यह आचरण सेवा की सामान्य शर्तों और पुलिस विभाग की गरिमा के विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी हरकतों से पुलिस की छवि धूमिल होती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निलंबन के साथ लाइन अटैच
आदेश के तहत प्रधान आरक्षक रामराज सिंह गुर्जर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भिंड संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
7 दिन में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
एसपी यादव ने एसडीओपी लहार को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की विस्तृत प्रारंभिक जांच की जाए और सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट सात दिन के भीतर प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही रक्षित निरीक्षक और थाना प्रभारी लहार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।पुलिस लाइन भिंड के निरीक्षक को मामले की निगरानी और अनुपालन का जिम्मा सौंपा गया। आदेश की प्रतियां वेतन / स्थापना शाखा और डीपीओ कार्यालय को भेजी गईं हैं।
एसपी का संदेश – पुलिसकर्मी जनता की सुरक्षा के लिए हैं और अनुशासन में रहें।
एसपी डॉ. असित यादव ने कहा कि—“पुलिस का कर्तव्य जनता की सुरक्षा करना है, न कि बलपूर्वक दमन करना। यदि कोई पुलिसकर्मी अनुशासनहीनता करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी।”

