Thursday, February 26, 2026
Homeराजस्थानग्राम पंचायत की हर जानकारी अब जनता के बीच — युवाओं को...

ग्राम पंचायत की हर जानकारी अब जनता के बीच — युवाओं को जोड़ने का बड़ा अभियान शुरू

रायपुर भीलवाड़ा (गोपाल मेघवंशी) गाँवों के विकास में ग्राम पंचायत की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है, लेकिन अक्सर लोगों को यह पता ही नहीं चलता कि उनकी पंचायत में कितना पैसा आता है, कहाँ खर्च होता है और कौन से काम हो रहे हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए रायपुर जनचेतना संघ ने एक बड़ा जागरूकता अभियान शुरू किया है, जिसके तहत गाँव-गाँव जाकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को पंचायत से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

जनचेतना संघ के संयोजक ने बताया कि आज भी कई गाँवों में लोग अपने हक और योजनाओं से अंजान हैं। पंचायत में हर साल लाखों-करोड़ों का फंड आता है, लेकिन पारदर्शिता की कमी और जागरूकता की कमी के कारण भ्रष्टाचार और गड़बड़ियाँ आम बात हो गई हैं। इस अभियान में युवाओं को बताया जाएगा कि पंचायत की बैठक कब होती है, उसमें कैसे हिस्सा लें, पंच-सरपंच से सवाल कैसे पूछें और फंड का हिसाब कैसे माँगें।

इस अभियान का मकसद सिर्फ जानकारी देना ही नहीं, बल्कि गाँव के युवाओं को जोड़कर उन्हें सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार करना भी है। गाँव की महिलाओं को भी इस मुहिम में शामिल किया जाएगा ताकि पंचायत स्तर पर उनकी भागीदारी बढ़ाई जा सके।

संगठन का दावा है कि आने वाले समय में यह अभियान राज्य के कई ज़िलों तक फैलाया जाएगा। इसके लिए गाँवों में विशेष शिविर, जन संवाद और सोशल मीडिया कैंपेन चलाया जाएगा। संगठन की टीम का कहना है कि जागरूक नागरिक ही गाँव को मज़बूत बना सकते हैं और पंचायत के पैसे का सही उपयोग सुनिश्चित कर सकते हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments