रक्तदान, फलाहार वितरण और विचार संगोष्ठी के साथ होगा आयोजन
मूकनायक ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार
सांचौर – अम्बेडकर सेवा समिति एवं भारतीय बौद्ध महासभा सांचौर के संयुक्त तत्वावधान में तथागत गौतम बुद्ध की 2587वीं जयंती आगामी 12 मई को बुद्ध पूर्णिमा के रूप में सांचौर में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर मानव सेवा, बौद्ध विचारधारा के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
सेवा समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार सुबह 9:00 बजे शहर के प्रमुख अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फलाहार वितरण से की जाएगी, जिसमें समिति के स्वयंसेवक अस्पतालों में जाकर मरीजों को फल और आवश्यक खाद्य सामग्री प्रदान करेंगे।
इसके पश्चात 10:00 बजे बीलाल अस्पताल सांचौर में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। इस शिविर में अनेक युवा रक्तदाता भाग लेंगे और रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा का संदेश देंगे। समिति द्वारा इस शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
दोपहर 12:00 बजे बी.ढाणी सांचौर स्थित अम्बेडकर उद्यान में एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी का विषय होगा – “बुद्ध के धम्म की मानव हित में उपादेयता”। इस संवाद कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, बौद्ध चिंतक एवं बुद्ध अनुयायी भाग लेंगे और तथागत बुद्ध के विचारों की आज के सामाजिक परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। संगोष्ठी में बुद्ध के पंचशील, अष्टांगिक मार्ग, करूणा, मैत्री और सम्यक जीवन मूल्यों पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा।
संगोष्ठी के उपरांत श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को बौद्ध परंपरा के अनुरूप खीर अर्पण की जाएगी, जो बुद्ध जयंती का प्रमुख धार्मिक अनुष्ठान है। खीर वितरण का उद्देश्य सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
इस भव्य आयोजन में अम्बेडकर सेवा समिति और भारतीय बौद्ध महासभा सांचौर के सभी पदाधिकारी, एससी-एसटी वर्ग के संगठनों के प्रतिनिधि एवं सदस्यगण, समाजसेवी, छात्र-युवा वर्ग और बुद्ध अनुयायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। समिति ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर मानवता, करुणा और समता के प्रतीक तथागत बुद्ध की जयंती को सफल बनाने की अपील की है।

