अम्बेडकर सेवा समिति सांचौर द्वारा जन-जागृति हेतु पेम्पलेट विमोचन समारोह आयोजित
मूकनायक ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार
19 अप्रेल 2025 (सांचौर)

सांचौर – अम्बेडकर सेवा समिति सांचौर के तत्वावधान में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के प्रति जन-जागृति लाने हेतु पेम्पलेट का विमोचन किया गया। यह कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत समिति के महासचिव कानाराम पारीक के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में वैशाख मास की अक्षय तृतीया पर अबूझ सावा होने से बड़ी संख्या में शादियाँ प्रस्तावित हैं। परंपराओं के नाम पर कुछ लोग इस अवसर का लाभ उठाकर बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराध को अंजाम देने का प्रयास करते हैं, जो कि एक संगीन अपराध है। पारीक ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाई जाएगी कि बाल विवाह केवल एक परंपरा नहीं बल्कि बच्चों के अधिकारों का हनन है।
बचपन बचाओ, जीवन संवारे – रतनू
अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू ने कहा कि “बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों का सामूहिक प्रयास ही इस दिशा में सार्थक बदलाव ला सकता है।” उन्होंने कहा कि जिस तरह से नशा मुक्ति और अन्य सामाजिक अभियानों में जन-सहयोग से सकारात्मक परिणाम मिले हैं, उसी प्रकार बाल विवाह के विरुद्ध भी ठोस पहल की जानी चाहिए।
सेवा समिति की भूमिका महत्वपूर्ण – नरेश पातलिया
समिति अध्यक्ष नरेश पातलिया ने कहा कि अम्बेडकर सेवा समिति विगत वर्षों से शिक्षा, सामाजिक सुधार, बाल संरक्षण एवं नशा मुक्ति एवं पर्यावरण जैसे विषयों पर काम कर रही है। “हमारा उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं, बल्कि समाज को शिक्षित करना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना है।”
प्रशासन-संगठन के समन्वय से बनेगी बात – केशाराम मेहरा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान शोषित समाज संघ (राशिसं) केशाराम मेहरा ने कहा कि समाज में फैली बुराइयों को समाप्त करने के लिए सामाजिक संगठनों को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। “यदि हम सामाजिक सुधार की बात करते हैं, तो यह केवल भाषणों से नहीं, जमीनी कार्यों से सिद्ध करना होगा।”
गणमान्यजन हुए शामिल
इस अवसर पर पूर्व सेवा समिति अध्यक्ष नेमीचंद खोरवाल, पूर्व महासचिव मेवाराम बाजक, एडवोकेट राजेन्द्र हिंगड़ा, उपाध्यक्ष अम्बालाल राणुआ, समाजसेवी जेताराम परमार, प्रकाशचंद्र सोलंकी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी ने बाल विवाह के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने की शपथ ली और पेम्पलेट वितरण कर लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
यह कार्यक्रम केवल एक विमोचन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह एक सामाजिक जागरण का शंखनाद था। पेम्पलेट के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया जायेगा कि “बाल विवाह रोकें, बच्चों को शिक्षा दें और एक सशक्त समाज की नींव रखें।”

