जाति व्यवस्था के उन्मूलन के लिए बौद्ध विचारों को जीवन में उतारना जरूरी : वैचारिक धम्म संगोष्ठी में सामाजिक परिवर्तन का आह्वान
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै
छत्तीसगढ़ प्रभारी
लाखांदुर (जिला भंडारा,
महाराष्ट्र)
जाति व्यवस्था जैसी सामाजिक कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने तथा समतामूलक समाज की स्थापना के लिए तथागत बुद्ध के विचारों और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के वैचारिक दर्शन को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। बौद्ध धम्म केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा पर आधारित जीवन पद्धति है। इसी उद्देश्य को लेकर 22 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के भंडारा जिले के लाखांदुर स्थित त्रिरत्न बुद्ध विहार में ‘दि बुद्धिष्ट प्रचारक विंग छत्तीसगढ़’ के तत्वावधान में वैचारिक धम्म संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन आयु कमलेश बहादुरे के माध्यम से किया गया। संगोष्ठी का शुभारंभ त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण के साथ हुआ। डॉ. सरोज बौद्ध ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन कर उपस्थित अनुयायियों को संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक चेतना के प्रति जागरूक किया।
संगोष्ठी का केंद्रीय विषय डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों पर आधारित था— “जाति व्यवस्था को उखाड़कर नेस्तनाबूद करना है तो बौद्ध विचार प्रवाह को अमल में लाना होगा।” इस विषय पर उपस्थित बुद्ध-आंबेडकरी अनुयायियों ने अपने विचार रखे। सविता बौद्ध ‘संकल्पी’ ने विषय पर विस्तारपूर्वक विचार रखते हुए बताया कि जाति आधारित भेदभाव और सामाजिक विषमता को समाप्त करने के लिए बौद्ध धम्म के वैज्ञानिक, नैतिक एवं मानवीय मूल्यों को अपने आचरण में उतारना होगा।
जयश्री बौद्ध ने बौद्ध समाज की स्वतंत्र पहचान और संगठित सामाजिक निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि बौद्ध समाज को किन सामाजिक रूढ़ियों और कुप्रथाओं से दूर रहना चाहिए। साथ ही समाज में सकारात्मक नवाचार, जागरूकता और अपनी बौद्ध पहचान को व्यवहार में स्थापित करने का आह्वान किया।
अलका बौद्ध ने महाबोधि महाविहार, बोधगया मुक्ति आंदोलन की जानकारी देते हुए बौद्ध धम्म ग्रहण करने की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सुलोचना बौद्ध ने गब्ब मंगल संस्कार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
मुख्य प्रबोधन में सविता बौद्ध ‘संकल्पी’ ने 22 प्रतिज्ञाओं, बौद्ध संस्कारों एवं बौद्ध पर्वों की महत्ता समझाते हुए समाज में व्याप्त कुप्रथाओं और रूढ़िवादी परंपराओं पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन केवल विचारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार, संस्कार और जीवनशैली में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अपने स्वलिखित गीत के माध्यम से समाज परिवर्तन, वैचारिक जागृति और धम्म के अनुरूप जीवन जीने का संदेश दिया।
इसके पश्चात सुनीता बौद्ध ने 22 प्रतिज्ञाओं की पुनरावृत्ति कराते हुए उपस्थित अनुयायियों को बाबासाहेब के संकल्पों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर दि बुद्धिष्ट प्रचारक विंग छत्तीसगढ़ की ओर से दीपांकर जी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महाबोधि महाविहार बुद्धगया मुक्ति आंदोलन : संघर्ष की गाथा’ त्रिरत्न बुद्ध विहार समिति को सप्रेम भेंट की गई।
कार्यक्रम का समापन मंगल मैत्री के साथ हुआ। जयश्री बौद्ध ने आयोजन में सहयोग देने वाले आयु कमलेश बहादुरे, त्रिरत्न बुद्ध विहार समिति तथा उपस्थित सभी बुद्ध-आंबेडकरी अनुयायियों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस वैचारिक धम्म संगोष्ठी ने यह संदेश दिया कि समाज परिवर्तन के लिए केवल बौद्ध कहलाना पर्याप्त नहीं, बल्कि बुद्ध के विचारों को अपनाना, बाबासाहेब की 22 प्रतिज्ञाओं का पालन करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और समानता-बंधुत्व पर आधारित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज को प्रेरक संदेश दिया गया— “बौद्ध बनें, बौद्ध लिखें और बौद्ध दिखें। बुद्ध के विचारों को जीवन में उतारें तथा जाति-मुक्त, समतामूलक और प्रबुद्ध समाज के निर्माण के लिए संगठित होकर आगे बढ़ें।”




