Tuesday, November 24, 2026

Writing
लाखांदुर में वैचारिक धम्म संगोष्ठी का आयोजन
जातिव्यवस्था के उन्मूलन के लिए बौद्ध विचारधारा को जीवन में अपनाने का आह्वान
लाखांदुर (जिला भंडारा, महाराष्ट्र)। सामाजिक समता, बंधुत्व, मानवीय मूल्यों एवं बौद्ध विचारधारा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से 22 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के भंडारा जिले के लाखांदुर स्थित त्रिरत्न बुद्ध विहार में दि बुद्धिष्ट प्रचारक विंग छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में वैचारिक धम्म संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का आयोजन आयु कमलेश बहादुरे जी के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुद्ध-आंबेडकरी अनुयायियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण के साथ हुआ। डॉ. सरोज बौद्ध जी ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन कर उपस्थित जनसमुदाय को संवैधानिक मूल्यों, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के प्रति जागरूक किया तथा सम्यक प्रश्नों के माध्यम से वैचारिक चिंतन को दिशा दी।
संगोष्ठी का मुख्य विषय था— “जाति व्यवस्था को उखाड़कर नेस्तनाबूद करना है तो बौद्ध विचार प्रवाह को अमल में लाना होगा।” यह विचार डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की सामाजिक परिवर्तन की दृष्टि को केंद्र में रखकर प्रस्तुत किया गया। उपस्थित अनुयायियों ने विषय पर अपने विचार रखे। सविता बौद्ध ‘संकल्पी’ जी ने विषय पर विस्तारपूर्वक प्रबोधन करते हुए बताया कि जातिविहीन, समतामूलक एवं विवेकशील समाज के निर्माण के लिए बौद्ध विचारधारा को केवल पढ़ना या सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे अपने आचरण, व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारना आवश्यक है।
जयश्री बौद्ध जी ने बौद्ध समाज की स्वतंत्र पहचान एवं संगठित सामाजिक निर्माण की आवश्यकता पर प्रभावशाली विचार रखे। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि बौद्ध अनुयायियों को किन सामाजिक कुरीतियों एवं रूढ़ियों से दूर रहना चाहिए। साथ ही समाज में सकारात्मक नवाचार, जागरूकता और अपनी बौद्ध पहचान को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
अलका बौद्ध जी ने बोधगया स्थित महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि एवं उसके महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही बौद्ध धम्म अपनाने की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। सुलोचना बौद्ध जी ने गब्ब मंगल संस्कार से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए बौद्ध संस्कारों के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया।
मुख्य प्रबोधन में सविता बौद्ध ‘संकल्पी’ जी ने बौद्ध धम्म की 22 प्रतिज्ञाओं, बौद्ध संस्कारों एवं बौद्ध पर्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान समाज में व्याप्त अंधविश्वासों, रूढ़ियों और कुप्रथाओं पर प्रहार करते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सम्यक आचरण और नवाचार को अपनाने पर जोर दिया। अपने स्वरचित गीत के माध्यम से उन्होंने सामाजिक परिवर्तन, जागृति और समतामूलक समाज निर्माण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर सुनीता बौद्ध जी ने 22 प्रतिज्ञाओं की पुनरावृत्ति कराते हुए उपस्थित अनुयायियों को बाबा साहेब के विचारों के अनुरूप जीवन जीने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान दि बुद्धिष्ट प्रचारक विंग छत्तीसगढ़ की ओर से दीपांकर जी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महाबोधि महाविहार बुद्धगया मुक्ति आंदोलन : संघर्ष की गाथा’ त्रिरत्न बुद्ध विहार समिति को सप्रेम भेंट की गई। यह पहल धम्म साहित्य के प्रचार-प्रसार एवं ऐतिहासिक संघर्षों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में सराहनीय रही।
संगोष्ठी का समापन मंगल मैत्री के साथ हुआ। जयश्री बौद्ध जी ने आयोजन में सहयोग देने वाले आयु कमलेश बहादुरे जी, त्रिरत्न बुद्ध विहार समिति तथा उपस्थित सभी बुद्ध-आंबेडकरी अनुयायियों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह संगोष्ठी केवल एक वैचारिक आयोजन नहीं, बल्कि बौद्ध धम्म के मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने का प्रेरक प्रयास रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि समाज का वास्तविक परिवर्तन शिक्षा, संगठन, प्रज्ञा, शील, करुणा और मैत्री के माध्यम से ही संभव है।
आयोजकों ने संकल्प व्यक्त किया कि बौद्ध विचारधारा का प्रचार-प्रसार निरंतर जारी रहेगा तथा प्रत्येक व्यक्ति तक समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और मानवता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
बौद्ध बनें, बौद्ध लिखें, बौद्ध दिखें।
नमो बुद्धाय! जय भीम!

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments