मूकनायक समाचार । सूरत
मरीजों के इलाज का इतिहास, जांच की रिपोर्ट और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को संभालने के लिए अब कागज के दस्तावेजों पर निर्भरता कम करके डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। मरीज को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल में इलाज लेने की जरूरत पड़े, तब पहले की रिपोर्ट और इलाज की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन शुरू किया गया है। इस मिशन के तहत स्वास्थ्य के रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में संभालने के काम में सूरत पालिका के पाल कम्युनिटी अर्बन हेल्थ सेंटर ने राज्य स्तर पर सम्मान हांसिल किया है।
भारत सरकार के आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेज एक ही डिजिटल व्यवस्था में उपलब्ध कराने का उद्देश्य है। इसके लिए हर लाभार्थी की ABHA ID तैयार कर उसे उसके स्वास्थ्य रिकॉर्ड के साथ जोड़ा जाता है। जिससे मरीज के पहले के इलाज, निदान और जांच की रिपोर्ट जरूरत के समय स्वास्थ्य संस्थाओं को उपलब्ध हो सके। गुजरात सरकार द्वारा सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं को भी इस काम के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सूरत पालिका द्वारा शहर के सभी 81 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, 9 कम्युनिटी अर्बन हेल्थ सेंटरों, मसकती हॉस्पिटल और स्मीमेर हॉस्पिटल में यह काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य संबंधी दस्तावेजों को स्कैन करके डिजिटल पोर्टल पर अपलोड करने और उसे लाभार्थियों की ABHA ID के साथ जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस काम में पाल कम्युनिटी अर्बन हेल्थ सेंटर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े इस केंद्र द्वारा लाभार्थियों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड स्कैन कर डिजिटल पोर्टल पर अपलोड और ABHA ID के साथ लिंक करने के काम में गुजरात में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए गुजरात सरकार द्वारा 20 नवंबर को गांधीनगर में आयोजित राज्य स्तरीय अवॉर्ड समारोह में पाल कम्युनिटी अर्बन हेल्थ सेंटर को सम्मानित किया गया।

