Saturday, November 28, 2026
Homeछत्तीसगढ़सामाजिक समरसता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत: संविधानोत्सव समिति मुंगेली के...

सामाजिक समरसता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत: संविधानोत्सव समिति मुंगेली के आयोजन की सोशल मीडिया पर हो रही सराहना

विचार संगोष्ठी, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर और बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल पर भव्य आतिशबाजी ने संविधान दिवस समारोह को बनाया यादगार

मुंगेली। संविधानोत्सव समिति मुंगेली के तत्वावधान में 26 नवंबर को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर के सामने आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों और धर्मों के लोगों ने सहभागिता करते हुए भारतीय संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता तथा वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा गया कि भारतीय संविधान सभी वर्गों और समुदायों को एकता के सूत्र में बांधता है। संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विचार संगोष्ठी, वृक्षारोपण एवं रक्तदान शिविर सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर आयोजित भव्य आतिशबाजी, फ्लेम फॉग एवं कंफेटी मशीन के आकर्षक प्रदर्शन ने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर साझा किए जा रहे हैं, जहां संविधानोत्सव समिति मुंगेली के इस आयोजन की खूब सराहना हो रही है। युवाओं और नागरिकों के बीच आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

संविधान केवल दस्तावेज नहीं, लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला: विनोद कुमार कोशले

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विनोद कुमार कोशले ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।

उन्होंने संविधान निर्माण में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संविधान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब इसके प्रावधानों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

सह वक्ता सपना (अंबिकापुर) ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्गों एवं महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की आवश्यकता बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 16(4)(क) एवं 335 के अनुरूप आवश्यक पहल करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में पिछले लगभग छह वर्षों से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए हैं।

सह वक्ता लक्ष्मीनारायण कुंभकार (दुर्ग) ने कहा कि ‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ का नारा तभी सार्थक होगा, जब संवैधानिक अधिकारों को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर वास्तविक रूप से लागू किया जाए। शिक्षा, रोजगार, सम्मान, समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में सभी वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना सामाजिक न्याय की अनिवार्य शर्त है।

सह वक्ता माधुरी सिंह (अंबिकापुर) ने 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए ऐतिहासिक भाषण का अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का पाठ करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके आदर्शों को सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था में उतारना भी आवश्यक है।

बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल पर भव्य आतिशबाजी, युवाओं में दिखा उत्साह

संविधान दिवस समारोह के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर भव्य आतिशबाजी की गई। फ्लेम फॉग एवं कंफेटी मशीन के आकर्षक प्रदर्शन ने उपस्थित नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया।

मुंगेली में पहली बार इस तरह की भव्य आतिशबाजी देखकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद संविधानोत्सव समिति मुंगेली की पहल को व्यापक सराहना मिल रही है।

कार्यक्रम में बाहर से आए अतिथियों एवं आगंतुक नागरिकों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।

बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों की सहभागिता

कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्याम टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि देवचरण भास्कर, रोहित शुक्ला, हेमचंद मिरी, मानिक सोनवानी, नितेश भारद्वाज, लक्ष्मीकांत भास्कर, शिव कुमार बंजारे, विकास खांडेकर, विजय बंजारे, प्रमोद सोनवानी, भुवन आगरे, परमेश्वर मीरी, पुरुषोत्तम चंद्राकर, मिलाऊं यादव, कुमार राज कश्यप, सुक्खू लाल साहू, विष्णु खांडेकर, अनिल प्रबल, भागीरथी खांडे, फूलसिंह महिलांग, प्रीतम घृतलहरे, एम. जनार्दन, एम.एल. टंडन, मोनेश साहू, विमित्रा घृतलहरे, बी.ई.ओ. एच.आर. भास्कर, फनेद रॉय, कोहली जी, सूर्यकांत उपाध्याय, बीआरसी, राजेंद्र ठाकुर, दीपक साहू, लक्ष्मीकांत जडेजा, राम डिंडोरे (गुरुजी), मेघनाथ कोसरिया, नोबिल नवरंग, जितेंद्र दिवाकर, कुलदीप जांगड़े, प्रेमचंद कुर्रे, राजा लहरे, समीर जांगड़े, शैलेश कुर्रे, रूपेंद्र जोल्हे, प्रवीण कोशले, शिव कौशिक, जितेंद्र गेंदले, परमेश्वर राय, अश्वनी साहू, दिलीप पात्रे, तरुण रामपुरिक, डी.पी. पात्रे, लखन कुर्रे, मनीराम गाहिरे, कोमल खन्ना, सूर्यकांत गोयल, भूपेंद्र बांधी, नारायणी कश्यप, रंजना सिंह, प्रीति खालसा, शमीम बानो, सुभाषिनी मनहर, मनीषा दिवाकर, सीता साहू, ममता दर्शन, राधिका सोनी, विद्यावती मनहरे, नफीस खानम, प्रकाश बघेल, सुनील पात्रे, शैलेश कुमार, मोहन लहरी, बलजीत सिंह कांत, ललित पठारी, व्यास मनहर, गिरधर मानिकपुरी, आशीष नवरंग एवं अरविंद कुर्रे सहित बड़ी संख्या में नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संविधान के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने संविधान की मूल भावना को मजबूत करने, सामाजिक न्याय स्थापित करने, संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

संविधानोत्सव समिति मुंगेली का यह आयोजन संविधान के प्रति जागरूकता, सामाजिक एकता, समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देने वाला रहा।

मूकनायक समाचार | मुंगेली, छत्तीसगढ़

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments