बिलासपुर/छत्तीसगढ़। बोधगया स्थित महाबोधि महाविहार के प्रबंधन में बौद्ध समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की बहाली को लेकर चलाए जा रहे महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन के समर्थन में महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन, छत्तीसगढ़ प्रदेश समिति एवं जिला समिति बिलासपुर ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा।
26 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय प्रवक्ता आयुष्मती प्रियंका भारती जी को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से बोधगया महाविहार के प्रबंधन से जुड़े संवैधानिक एवं धार्मिक अधिकारों के मुद्दे पर समर्थन की अपील की गई।
ज्ञापन में बोधगया महाविहार के ऐतिहासिक, धार्मिक और संवैधानिक महत्व का उल्लेख करते हुए महाविहार के प्रबंधन में बौद्ध समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
बोधगया महाविहार के प्रबंधन में बौद्ध समुदाय के अधिकारों की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि बोधगया स्थित महाबोधि महाविहार विश्वभर के बौद्ध अनुयायियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आस्था स्थल है। इसके बावजूद महाविहार के प्रबंधन में बौद्ध समुदाय को अपेक्षित अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं।
संयुक्त समिति ने बोधगया मंदिर अधिनियम, 1949 को तत्काल निरस्त करने तथा महाबोधि महाविहार का संपूर्ण प्रबंधन और नियंत्रण बौद्ध समुदाय के हाथों में सौंपने की मांग की।
बुद्धिस्ट पर्सनल लॉ बोर्ड के गठन की मांग
ज्ञापन में बौद्ध समुदाय की स्वतंत्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए संविधान के अनुच्छेद 25(2)(बी) तथा संबंधित कानूनों में संशोधन की मांग भी की गई है।
इसके साथ ही बौद्ध समुदाय के लिए अलग बुद्धिस्ट पर्सनल लॉ बोर्ड के गठन को आवश्यक बताते हुए समुदाय के धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा की मांग की गई।
आंदोलन को समर्थन देने की अपील
छत्तीसगढ़ प्रदेश समिति एवं जिला समिति बिलासपुर ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती जी से महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन को नैतिक एवं सक्रिय समर्थन प्रदान करने की अपील की।
समिति ने बिहार की आम जनता, युवाओं और बुद्धिजीवियों से भी इस संवैधानिक मुद्दे के प्रति जागरूक होने तथा बौद्ध समुदाय के साथ खड़े होने का आग्रह किया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन के तहत 12 फरवरी 2025 से बोधगया में अनिश्चितकालीन सामूहिक धरना जारी है। समिति के अनुसार, इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय में अगली सुनवाई 17 दिसंबर 2026 निर्धारित है।
महाबोधि महाविहार मुक्ति आंदोलन, छत्तीसगढ़ प्रदेश समिति एवं जिला समिति बिलासपुर ने विश्वास व्यक्त किया कि संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए इस आंदोलन को व्यापक समर्थन मिलेगा।
मूकनायक समाचार | छत्तीसगढ़

