Monday, September 28, 2026
Homeनई दिल्लीसमता सैनिक दल के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, आरक्षित...

समता सैनिक दल के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, आरक्षित वर्ग के प्रतिनिधित्व पर जताई चिंता

मूकनायक/देव भारती
नई दिल्ली

नई दिल्ली। बाबा साहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर द्वारा स्थापित गैर-राजनीतिक संगठन समता सैनिक दल के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन अंबेडकर भवन, नई दिल्ली में किया गया।

बैठक के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओंकार सिंह भाटिया ने विभिन्न विभागों में आरक्षित वर्ग के गिरते हुए प्रतिनिधित्व पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि योग्य अभ्यर्थी होने के बावजूद विभिन्न विभागों में लाखों पद खाली चल रहे हैं और सरकार जानबूझकर इन पदों को नहीं भर रही है।

इसके अलावा सरकारी स्कूलों को बंद करने पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। भाटिया ने बताया कि कम बच्चों का बहाना बनाकर लगभग 1 लाख के करीब स्कूलों को बंद कर दिया गया है, जिससे 2 करोड़ से अधिक बच्चे शिक्षा से वंचित हुए हैं। यह अनिवार्य शिक्षा अधिनियम (RTE) की भी अवहेलना है।

प्रमुख मुद्दे जो बैठक में उठाए गए:

1. सफाई कर्मचारियों के पद परिवर्तन की मांग को प्रमुखता से उठाया।
2. विभिन्न विभागों में लाइजन ऑफिसरों की नियुक्ति नहीं होने पर कड़ी आपत्ति जताई।
3. प्रदेश सरकारों द्वारा की जा रही अस्थाई नियुक्तियों में रोस्टर प्रणाली की अनदेखी पर चिंता जताई। भाटिया ने कहा कि इससे जानबूझकर संवैधानिक नियमों की अवहेलना की जा रही है और अस्थाई नियुक्तियों में भी रोस्टर प्रणाली लागू होनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजीव नागवान ने भी अस्थाई नियुक्तियों की आड़ में संवैधानिक नियमों का गला घोटने वाली सरकारों की योजनाओं पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में रोस्टर प्रणाली को नजरअंदाज करना संविधान के विपरीत है, इसलिए सभी प्रकार की अस्थाई नियुक्तियों में रोस्टर प्रणाली लगाकर आरक्षित वर्गों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में समता सैनिक दल के 100 से अधिक डेलिगेट्स ने शिरकत की। सराहनीय कार्यक्रम आयोजन के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओंकार सिंह भाटिया तथा प्रदेश अध्यक्ष संजीव नागवान को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिन्ह से सम्मानित भी किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments