


विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा—15 वर्ष से अधिक आयु के वयस्कों को सशक्त बनाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य
बम्हनीडीह। उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़ा गतिविधि के अंतर्गत 1 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ 1 सितंबर को विकासखंड बम्हनीडीह के विभिन्न विद्यालयों में किया गया। इस दौरान उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत शपथ समारोह आयोजित कर शिक्षा एवं साक्षरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
अपराह्न 4:30 बजे बीआरसी भवन बम्हनीडीह में आयोजित कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी, बीआरसीसी एच.के. बेहार, विकासखंड परियोजना अधिकारी डॉ. उमेश कुमार दुबे, प्राचार्य शिव कुमार पटेल सहित विकासखंड के समस्त सीएससी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के उन वयस्कों को सशक्त बनाना है, जो किसी कारणवश स्कूली शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके हैं। उन्होंने देशव्यापी साक्षरता पखवाड़े एवं अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस समारोह में विकासखंड की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी सीएससी को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। साथ ही तिथिवार निर्धारित गतिविधियों का आयोजन करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में उल्लास कार्यक्रम को सफल बनाने, इसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा साक्षरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की शपथ ली। बीआरसीसी एच.के. बेहार एवं विकासखंड परियोजना अधिकारी डॉ. उमेश कुमार दुबे ने उल्लास कार्यक्रम के सामाजिक महत्व, इसकी उपयोगिता तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित सीएससी ने समाज में शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उल्लास कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में शिक्षा के प्रति रुचि, सामाजिक जिम्मेदारी तथा जागरूकता की भावना विकसित करना है।

