Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedस्वतंत्रता दिवस पर होगा उल्लास महा चौपाल का आयोजन, जिला स्तरीय बैठक...

स्वतंत्रता दिवस पर होगा उल्लास महा चौपाल का आयोजन, जिला स्तरीय बैठक में दिए गए निर्देश

15 अगस्त को ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में साक्षरता जागरूकता से जुड़े होंगे विभिन्न कार्यक्रम

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम की अध्यक्षता में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 11 अगस्त 2026 को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन, सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली महापरीक्षा अभियान तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को उल्लास महा चौपाल के आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने विकासखंड परियोजना अधिकारियों, संकुल समन्वयकों एवं शैक्षिक समन्वयकों को निर्देशित किया कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोहों के साथ उल्लास महा चौपाल कार्यक्रम को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए। इसके तहत सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में शेष असाक्षरों तथा स्वयंसेवी शिक्षकों का शत-प्रतिशत चिन्हांकन सुनिश्चित करने के साथ साक्षरता गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित किया जाए।

उन्होंने कहा कि असाक्षरों और स्वयंसेवी शिक्षकों की सहभागिता से उल्लास साक्षरता मोबाइल टॉर्च रैली, मशाल रैली तथा “हर घर साक्षर, विकसित भारत” जैसे नारों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। 15 अगस्त की सुबह छात्र-छात्राओं, ग्रामीण समुदाय, बुजुर्गों, महिलाओं, स्वयंसेवकों और नवसाक्षरों की सहभागिता से प्रभात फेरी निकालने तथा उल्लास शपथ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।

महा चौपाल में “कहानियों का कारवां” के माध्यम से नवसाक्षरों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया जाएगा। इसमें वे बताएंगे कि पढ़ना-लिखना सीखने के बाद उनके जीवन में किस प्रकार का बदलाव आया। इसके साथ मातृत्व साक्षरता महा संकल्प, सांस्कृतिक कार्यक्रम, उल्लास हेल्प डेस्क एवं पंजीयन शिविर का आयोजन किया जाएगा, ताकि मौके पर ही असाक्षरों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों का पंजीयन किया जा सके।

बैठक में डिजिटल एवं साक्षरता सेल्फी प्वाइंट, साक्षरता आधारित रंगोली, नुक्कड़ नाटक, नारा लेखन, कैंडल मार्च सहित विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया गया। “अक्षर-अक्षर दीप जलाएं, देश को आगे बढ़ाएं” जैसे संदेशों के माध्यम से साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की बात कही गई।

इसके अलावा “अंगूठा मुक्त पंचायत”, “अंगूठे से कलम तक” सम्मान समारोह, प्रशस्ति पत्र वितरण, उल्लास घंटी, उल्लास दीवार, स्वयंसेवी शिक्षकों का चिन्हांकन, उल्लास ज्ञान रथ, उल्लास खेलकूद प्रतियोगिता और साक्षरता सर्वेक्षण जैसी गतिविधियों को भी व्यापक रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित गतिविधियों को 25 अगस्त 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में डाइट से सहायक प्राध्यापक गोपेश साहू, जिला परियोजना अधिकारी विजया सिंह राठौर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बम्हनीडीह बसंत चतुर्वेदी, विकासखंड परियोजना अधिकारी डॉ. उमेश कुमार दुबे, तरुण साहू सहित विभिन्न विकासखंडों के संकुल समन्वयक, शैक्षिक समन्वयक, लेखपाल सुनील पटेल, सहायक ग्रेड-3 सनत मिरी, सरिता सोनी, प्रतिभा रत्नाकर, गणेशी बाई, उमेश तेम्बूलकर सहित जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments