लमना स्कूल का निरीक्षण कर जानी व्यवस्थाएं, मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क नीट-जेईई कोचिंग सहित शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं की दी जानकारी
कोरबा, 5 अगस्त 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, अधोसंरचना, निर्माणाधीन कार्यों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का अवलोकन किया, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
विद्यालय पहुंचते ही कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, पसंदीदा विषय, परीक्षा की तैयारी, पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि सपनों को लक्ष्य बनाकर पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करें। नियमित प्रयास और आत्मविश्वास से सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन उच्च शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनता है।
शिक्षक की भूमिका में पढ़ाया भौतिकी का पाठ
संवाद के दौरान कलेक्टर स्वयं शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान का पाठ पढ़ाते हुए भौतिक मात्रक, सदिश एवं अदिश राशियां, चाल, समय, दूरी और विस्थापन जैसे विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उनकी सहज और रोचक शिक्षण शैली से विद्यार्थी उत्साहित दिखाई दिए तथा उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
विद्यालय की जरूरतों पर दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विद्यालय की आवश्यकताओं के संबंध में भी चर्चा की। विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला, प्रायोगिक सामग्री, पुस्तकालय, खेल मैदान, खेल सामग्री, बालक एवं बालिका के लिए पृथक शौचालय, कक्षाओं में सीपेज तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याओं से अवगत कराया।
इस पर कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसके पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने वर्तमान भवन में सीपेज की मरम्मत शीघ्र कराने, प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए।
मेधावी विद्यार्थियों को योजनाओं की दी जानकारी
उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कलेक्टर ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध निःशुल्क कोचिंग सुविधा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया तथा कहा कि समर्पण और परिश्रम से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी अपने परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, वहां के विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से इसरो जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर प्रदान किया जाएगा।
शिक्षकों से भी की चर्चा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों से चर्चा कर शिक्षकों की उपलब्धता, शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणाम तथा विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

