
रात्रि गश्त के दौरान सागौन लट्ठों से लदा पिकअप वाहन जब्त, वन अपराध प्रकरण दर्ज
रायपुर, 4 अगस्त 2026। प्रदेश के वन क्षेत्रों में अवैध काष्ठ परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने सागौन काष्ठ से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त कर उल्लेखनीय कार्रवाई की है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई एवं वनोपज परिवहन की रोकथाम के लिए रात्रिकालीन गश्त लगातार जारी रहेगी तथा वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 2 अगस्त 2026 की रात्रि में मुखबिर से अवैध वनोपज परिवहन की सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी रामानुजनगर पूजा यादव के निर्देशन में तत्काल वन कर्मियों की टीम गठित कर परिक्षेत्र में सघन गश्त के लिए रवाना किया गया।
घेराबंदी कर पकड़ा गया वाहन, आरोपी मौके से फरार
रात्रिकालीन गश्त के दौरान 3 अगस्त 2026 को प्रातः लगभग 3 बजे परिसर छिंदिया क्षेत्र में वन अमले ने एक पिकअप वाहन को जंगल की ओर जाते हुए देखा। संदेह होने पर वन कर्मियों ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। वाहन क्रमांक सीजी-15 एसी-1294 में सागौन प्रजाति के चार नग लट्ठे लोड किए जा चुके थे। वन अमले को देखकर काष्ठ लोड कर रहे व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
परिवहन अनुज्ञप्ति नहीं मिली, वन अपराध प्रकरण दर्ज
वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसके पास वनोपज परिवहन से संबंधित कोई अनुज्ञप्ति अथवा वैध पास नहीं पाया गया। इसके बाद वाहन सहित वनोपज को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त वाहन एवं वनोपज को वन परिक्षेत्र परिसर रामानुजनगर में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
वन कर्मियों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में वनरक्षक राहुल साहू, वनरक्षक सुनील कुमार तथा वनरक्षक बिजेश्वर सिंह ठाकुर की सक्रिय भूमिका रही।

