
तत्काल मरम्मत के निर्देश, बोले—आम जनता को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए
बिलासपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने शहर एवं क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नेहरू चौक स्थित अपने निवास पर पीडब्ल्यूडी, एनएच एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को तलब कर सड़कों की स्थिति की जानकारी ली।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब सड़कों को तत्काल संज्ञान में लेकर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बिलासपुर कलेक्टर को भी मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा।

