ठाकुर दास भारती मंडी हिमाचल प्रदेश हिमाचल किसान सभा, बल्ह इकाई ने आज उपमंडल अधिकारी (नागरिक), बल्ह के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश को बल्ह क्षेत्र के किसानों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु एक मांगपत्र प्रधान प्रेमदास चौधरी की अध्यक्षता में प्रेषित किया गया।
किसान सभा ने कहा कि बल्ह क्षेत्र के किसान लंबे समय से रोजगार, कृषि, दूध, सड़क, खाद , आवारा पशुओं, यातायात तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से किसानों एवं आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सचिव रामजी दास ने मांगपत्र में प्रमुख रूप से “विकसित भारत-गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” को तत्काल लागू करने, किसानों को समय पर एवं सस्ती दरों पर खाद उपलब्ध करवाने, मक्की की फसल में फैल रही शुंडी (फॉल आर्मीवर्म) की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने, दुग्ध उत्पादक किसानों को दूध का भुगतान प्रत्येक माह नियमित रूप से किया जाए। साथ ही चक्कर दुग्ध शीतकरण केन्द्र (चिलिंग सेंटर) एवं डेयरी प्लांट की क्षमता में बढ़ाया जाए, ताकि सभी दुग्ध उत्पादकों का दूध बिना किसी कटौती के खरीदा किया जा सके। डडौर एवं नागचला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित फ्लाईओवर/अंडरपास का शीघ्र निर्माण करने तथा डडौर–भौर मार्ग पर सर्विस रोड एवं जल निकासी नालियों का निर्माण करने की मांग की गई है।
पुर्व अध्यक्ष परस राम ने ज़ोर देकर कहा कि भंगरोटू खेल मैदान को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने, नेरचौक नगर परिषद के प्रस्तावित कूड़ा निष्पादन स्थल को आबादी से दूर स्थानांतरित करने, स्मार्ट मीटर लगाने की नीति वापस लेने एवं 300 यूनिट निःशुल्क बिजली योजना लागू करने, वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त श्मशान घाटों एवं संपर्क मार्गों का पुनर्निर्माण करने, सियाह–ढावण सड़क पर यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा बल्ह क्षेत्र में आधुनिक गोसदन की स्थापना की मांग भी उठाई गई। चिटे व नशे के खिलाफ जन अभियान चलाया जायेगा I
हिमाचल किसान सभा, बल्ह इकाई ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि किसानों एवं ग्रामीण जनता से जुड़े इन जनहित के मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। सभा ने स्पष्ट किया कि यदि इन मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसानों एवं आम जनता को साथ लेकर जनआंदोलन चलाने के लिए विवश होना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार एवं प्रशासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष प्रेमदास चौधरी ब सचिव रामजी दास के अतिरिक्त परसराम, नन्द लाल वर्मा, बिहारी चौधरी, गंगा राम, उत्तम चंद, रूप लाल,पदम शर्मा, कैप्टन बलदेव, पूर्ण चंद, जगदीश,रोशन लाल, जोगिन्दर वालिया तथा हरि राम सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

