Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedस्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 175वें सप्ताह भी स्वच्छता, पौधारोपण और जल...

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का 175वें सप्ताह भी स्वच्छता, पौधारोपण और जल संरक्षण अभियान जारी

दुर्ग। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के संकल्प के साथ लगातार 175वें सप्ताह स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण एवं गाजर घास उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम गार्डन, हुडको भिलाई, सेक्टर-4, शिव पार्वती धाम बालोद, महाकाल मंदिर सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम तथा ग्राम अंजोरा सहित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई, पौधारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने नदी घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों से प्लास्टिक, झिल्ली, गुटखा पाउच, पानी की बोतलें, डिस्पोजल सामग्री, पूजा सामग्री, शराब की बोतलें तथा अन्य कचरा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। इसके साथ ही गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया गया तथा पूर्व में लगाए गए पौधों की निंदाई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल की गई। सेक्टर-4 में छायादार, फलदार और फूलदार पौधों का भी रोपण किया गया।

समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से लगातार स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि पूजा सामग्री और अन्य कचरा नदी या तालाब में न डालें तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें। उन्होंने नगर निगम से शिवनाथ नदी घाटों पर एकत्रित कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने की भी मांग की।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और गाजर घास उन्मूलन जैसे अभियानों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान लोगों को “जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”, “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ” तथा “नशे का होना आदी, घर-परिवार की है बर्बादी” जैसे नारों के माध्यम से जागरूक किया गया।

अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, थनेश्वरी हरदेल, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, गौरव यादव, नीलम यादव, चैतराम यादव, वामन कुमार यादव सहित अनेक नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments