Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedमोरकुटूम्ब में 75.23 लाख के नवीन हाईस्कूल भवन का लोकार्पण, अगले सत्र...

मोरकुटूम्ब में 75.23 लाख के नवीन हाईस्कूल भवन का लोकार्पण, अगले सत्र से हायर सेकेंडरी में होगा उन्नयन

राजनांदगांव। स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने शुक्रवार को छुरिया विकासखंड के ग्राम मोरकुटूम्ब में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं लोकार्पण कार्यक्रम में 75 लाख 23 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने अगले शिक्षा सत्र से हाईस्कूल मोरकुटूम्ब को हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की नवप्रवेशी छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल तथा विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छुरिया के नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पहुंच मार्ग, ब्राम्हणटोला में प्राथमिक शाला भवन, घोरतालाब में पूर्व माध्यमिक शाला भवन, गोपालपुर में हैंडपंप एवं शौचालय निर्माण तथा भर्रीटोला में शिक्षक की व्यवस्था करने की भी घोषणा की।

प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पालक-शिक्षक बैठकों में नियमित रूप से शामिल होने और बच्चों की पढ़ाई तथा उपस्थिति पर निगरानी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी समान जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास विकसित कर रही है। मोरकुटूम्ब विद्यालय को भी स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। नई शिक्षा नीति के अनुरूप भाषा, गणित और आधारभूत शिक्षा को मजबूत बनाने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का केंद्र है और अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का संकल्प लेना चाहिए। महापौर मधुसूदन यादव ने जिले के उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम का उल्लेख करते हुए आगामी वर्षों में शत-प्रतिशत सफलता का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि शिक्षा ऐसा अमूल्य धन है जिसे कोई छीन नहीं सकता। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि पिछले शिक्षा सत्र में जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम उल्लेखनीय रहा। कक्षा 10वीं में 89 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए, जबकि कक्षा 12वीं में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1800 अधिक विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments