Tuesday, September 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमूकनायक राजस्थान प्रदेश के संपादक रामलाल यादव को महंत पद की दीक्षा,...

मूकनायक राजस्थान प्रदेश के संपादक रामलाल यादव को महंत पद की दीक्षा, काशी में हुआ सम्मान

मूकनायक/राष्ट्रीय प्रभारी ओमप्रकाश वर्मा
वाराणसी/उत्तर प्रदेश

30 जुलाई 2026।
कबीर पंथ की महान आध्यात्मिक परंपरा में एक महत्वपूर्ण अवसर पर मूकनायक राजस्थान प्रदेश के संपादक रामलाल यादव को महंत पद की दीक्षा प्रदान की गई। यह सम्मान उन्हें गुरु पूर्णिमा 2026 के पावन अवसर पर कबीर धाम लहरतारा (काशी) में आयोजित भव्य धार्मिक समारोह में प्राप्त हुआ।
रामलाल यादव का परिवार कई पीढ़ियों से कबीर पंथ की परंपरा से जुड़ा रहा है। पत्रकारिता के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक जागरूकता, मानवता और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके अनेक लेख समाज में समानता, शिक्षा और मानव कल्याण के संदेश को आगे बढ़ाते रहे हैं।
अपने गुरु महंत देवेन्द्र दास साहेब (कबीर विज्ञान आश्रम, सागरवाड़ा) के सान्निध्य एवं आशीर्वाद में आध्यात्मिक साधना करते हुए उन्होंने यह गौरव प्राप्त किया। समारोह में विश्व वंदनीय पंथ श्री 1008 हुजूर अर्धनाम साहेब के करकमलों से उन्हें महंत पद एवं नामगोष्ठी प्रदान की गई।
इस अवसर पर देशभर से आए संत-महंतों, श्रद्धालुओं तथा कबीर पंथ के अनुयायियों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। बाँसवाड़ा और डूंगरपुर सहित राजस्थान के अनेक श्रद्धालु भी इस ऐतिहासिक समारोह के साक्षी बने।
महंत पद ग्रहण करने के पश्चात रामलाल यादव अब महंत रामानंद दास साहेब के नाम से जाने जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज़ बुलंद करने के साथ-साथ सद्गुरु कबीर के सत्य, समता, मानवता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे। साथ ही शिघ्र निर्माणाधिन सद्गुरु कबीर गुरुकुल, अरथूना (जिला बाँसवाड़ा) के माध्यम से शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि राजस्थान, कबीर पंथ और समाजसेवा से जुड़े सभी लोगों के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments