

रायपुर, 3 जुलाई। रेंगाखार तहसील के ग्राम भीमभौरी में आम के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरा एक ट्रक और एक क्रेन जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। संयुक्त कार्रवाई राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग की टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार प्रेमनारायण साहू को अवैध वृक्ष कटाई की सूचना मिलने पर वे राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान खसरा क्रमांक 108 में 12 आम के पेड़ अवैध रूप से कटे मिले। कटी हुई लकड़ी को परिवहन के लिए तैयार किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान लकड़ी पर वन विभाग की मुहर लगी मिली। संदेह होने पर वन विभाग की टीम को बुलाया गया। डिप्टी रेंजर भूपेंद्र कुमार द्वारा जांच करने पर यह मुहर फर्जी पाई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अवैध लकड़ी को वैध दर्शाने के लिए वन विभाग की नकली सील का इस्तेमाल किया गया था।
जांच में यह भी पता चला कि कटे हुए आम के लट्ठों को मध्य प्रदेश के इंदौर भेजने की तैयारी थी, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से अवैध परिवहन रोक दिया गया।
वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध वृक्ष कटाई, फर्जी वन मुहर के उपयोग और लकड़ी तस्करी में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए ऐसे मामलों में आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

