बिलासपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्रों का प्रदर्शन
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और NEET मुद्दे पर उठी आवाज, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मूकनायक
स्वराज मेश्राम
बिलासपुर। छत्तीसगढ़
शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों के अधिकारों और NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को बिलासपुर में छात्रों, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में रैली निकालते हुए अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो तथा छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न किया जाए।
रैली में शामिल लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के प्रति समर्थन जताते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।




