
नवाचार, रचनात्मक कार्यों और प्रेरक गतिविधियों को डिजिटल मंच पर प्रभावी प्रस्तुति के लिए किया गया सम्मानित
जगदलपुर। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों और विद्यालयों की प्रेरक कहानियों को दुनिया के सामने लाने वाले बस्तर जिले के 10 शिक्षकों को मंगलवार को आयोजित एक विशेष समारोह में ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा एवं सहायक कलेक्टर के हाथों प्रदान किया गया। शिक्षकों को उनके विद्यालयों में किए जा रहे उत्कृष्ट नवाचारों, रचनात्मक कार्यों और प्रेरणादायक गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक अशोक पाण्डेय, विनोबा टीम से हेमंत चंद्रा और कुलदीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सम्मानित शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यालयों की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से साझा करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि ऐसे सम्मान शिक्षकों के उत्साह और कार्य के प्रति समर्पण को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। इससे विद्यालयों में नवाचार, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों की इस परंपरा को आगे भी निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।

