Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedउरला फैक्ट्री हादसे के बाद सख्त कार्रवाई कारखाने की उत्पादन गतिविधियां बंद,...

उरला फैक्ट्री हादसे के बाद सख्त कार्रवाई कारखाने की उत्पादन गतिविधियां बंद, मृतक श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति

रायपुर। उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन कारखाने में हुई औद्योगिक दुर्घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कारखाने की समस्त विनिर्माण गतिविधियों को आगामी आदेश तक बंद कर दिया है। वहीं कंपनी प्रबंधन ने मृतक तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बेन्द्री के समीप स्थित कारखाने के फेरो एलॉयज डिवीजन में लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए विस्फोट से अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मृत्यु हो गई थी।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। प्रारंभिक जांच के आधार पर व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता, 2020 की धारा 38(1)(ए) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है। इस संबंध में कारखाना प्रबंधन को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।

विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिबंध अवधि के दौरान कारखाने में कार्यरत सभी श्रमिकों को नियमानुसार वेतन एवं अन्य देय भत्तों का समय पर भुगतान किया जाए।

विभाग के प्रयासों से कंपनी प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने पर सहमति व्यक्त की है।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है तथा जांच प्रतिवेदन और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments