
बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों में हुई भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रभावित एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बिना किसी विलंब के सुनिश्चित की जाएं। साथ ही जलनिकासी की त्वरित व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों और मार्गों की शीघ्र मरम्मत तथा जनसुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन एवं सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को शीघ्र सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

