Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorized510 क्विंटल से अधिक धान बीज के भंडारण पर कृषि विभाग की...

510 क्विंटल से अधिक धान बीज के भंडारण पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई

बजरंग कृषि केंद्र सील, संचालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज; मामले की जांच जारी

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने
बालाघाट/परसवाड़ा। खरीफ सीजन से पहले कृषि विभाग ने परसवाड़ा तहसील के ग्राम कोसमी स्थित बजरंग कृषि केंद्र पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 510 क्विंटल 79 किलोग्राम धान बीज के भंडारण संबंधी अनियमितताओं के मामले में प्रतिष्ठान को सील कर दिया है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित संचालक सूरजलाल हिरवाने के विरुद्ध विभिन्न प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कराया गया है।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर 23 मई 2026 को कृषि विभाग की टीम ने बजरंग कृषि केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में सहायक संचालक कृषि राजेश खोबरागड़े, अनुविभागीय अधिकारी कृषि एस.आर. धुर्वे, बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक निरीक्षक तथा कृषि विकास अधिकारी प्रीति पंद्राम शामिल थीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध धान बीज के स्टॉक, भंडारण व्यवस्था एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच की। विभागीय जांच में भंडारित बीज के संबंध में आवश्यक नियमों और प्रावधानों के पालन को लेकर आपत्तियां दर्ज की गईं, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

विभागीय जानकारी के अनुसार परिसर में श्री सीड्स, सोमाजीगुड़ा (हैदराबाद) कंपनी का 462 क्विंटल 70 किलोग्राम तथा सीड वर्क इंटरनेशनल लिमिटेड, तेलंगाना का 48 क्विंटल 09 किलोग्राम धान बीज पाया गया। कुल 510 क्विंटल 79 किलोग्राम धान बीज के भंडारण को लेकर विभाग ने जांच उपरांत प्रतिष्ठान को सील कर दिया।

कृषि विभाग का कहना है कि बीजों के भंडारण एवं विक्रय संबंधी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है, क्योंकि किसानों की फसल और उत्पादन की गुणवत्ता काफी हद तक बीज की गुणवत्ता पर निर्भर करती है।

मामले में कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक प्रीति पंद्राम द्वारा 4 जून 2026 को परसवाड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित संचालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), बीज अधिनियम तथा अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।

कृषि विभाग द्वारा जिले में बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक विक्रेताओं की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी दिनों में भी निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।

कोसमी में हुई इस कार्रवाई के बाद कृषि व्यापार जगत में चर्चा का माहौल है। वहीं किसान और स्थानीय लोग भी मामले की जांच के निष्कर्षों पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments