Sunday, July 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरूधौली विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी की चुनावी तैयारियां तेज, अमरौली...

रूधौली विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी की चुनावी तैयारियां तेज, अमरौली शुमाली रामनगर में हुई महत्वपूर्ण बैठक

मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। विधानसभा क्षेत्र रूधौली (309) के अंतर्गत अमरौली शुमाली स्थित रामनगर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की एक महत्वपूर्ण एवं सफल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं रूधौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के संभावित दावेदार डॉ. मोहम्मद आकिब रहे। उन्होंने अपने संबोधन में संविधान के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए समाज में समता, समानता, सामाजिक न्याय एवं भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही लोकतंत्र की वास्तविक पहचान है।

बैठक में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व में पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। डॉ. मोहम्मद आकिब ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वह क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं लागू कराने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मानजनक सुविधाएं तथा आम जनता को बेहतर बुनियादी सेवाएं उपलब्ध कराना उनका लक्ष्य है। साथ ही उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।

सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आजाद समाज पार्टी की नीतियों और सामाजिक न्याय के मुद्दों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

इस महत्वपूर्ण बैठक के आयोजकों में, चन्द्रकांत वर्मा, नायब चौधरी, आर.टी. अर्जक, राजेश मौर्य, अब्दुल कलाम, सियाराम मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, किसानों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।

बैठक के सफल आयोजन ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि रूधौली विधानसभा क्षेत्र में आजाद समाज पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय है और संगठन को मजबूत करते हुए जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटी हुई है। संविधान, समता, समानता और सामाजिक न्याय के मुद्दों को केंद्र में रखकर पार्टी क्षेत्र में जनसमर्थन हासिल करने का प्रयास कर रही है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments