Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedम.प्र. शिक्षक संघ की संयुक्त मार्गदर्शन बैठक संपन्न, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं शिक्षकों...

म.प्र. शिक्षक संघ की संयुक्त मार्गदर्शन बैठक संपन्न, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं शिक्षकों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

बालाघाट। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में म.प्र. शिक्षक संघ जिले की विभिन्न शाखाओं की संयुक्त मार्गदर्शन बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में संभागीय संगठन मंत्री डॉ. अजय तिवारी मुख्य अतिथि, जिला अध्यक्ष पंकज चिले अध्यक्ष तथा जनजाति प्रमुख अशोक दीक्षित, संगठन मंत्री देवनलाल गोलेंद्र, संभागीय कोषाध्यक्ष प्रहलाद पटले एवं संभागीय सदस्य एस.आर. उके विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला सचिव बसंत डोंगरे ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं मां भारती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉक, तहसील एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने भाग लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं संगठनात्मक विषयों पर विचार रखे।

बैठक में नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता, अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान, टीईटी परीक्षा संबंधी विषय, जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन, सदस्यता अभियान, गुरु छाया, गुरु वंदन, चैत्र हिंदू नववर्ष एवं कर्तव्य बोध कार्यक्रम सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि डॉ. अजय तिवारी ने संगठन की कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षकों को टीईटी परीक्षा को लेकर अनावश्यक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर परीक्षा स्थगित होने की संभावना है तथा वर्तमान दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिकांश शिक्षकों को परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने शिक्षकों से संगठन में एकजुट रहकर संघर्ष करने एवं संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला अध्यक्ष पंकज चिले ने संगठन के संविधान और नीतियों के अनुरूप कार्य करने की अपील करते हुए बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में चार-चार मंडलों का गठन किया जाएगा, जिनमें महिला एवं पुरुष सदस्यों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने जिले में दो हजार से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु पदाधिकारियों से समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।

बैठक में जिला कोषाध्यक्ष चंद्रेश कुमार पटले सहित विभिन्न ब्लॉकों एवं तहसीलों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में जिला कोषाध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया तथा बैठक का समापन किया गया।

जिला मीडिया प्रभारी एस.आर. उके ने बताया कि अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग के स्थायी एवं अस्थायी शिक्षकों की सूची जारी कराने की मांग को भी जिला कार्यकारिणी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments