Friday, July 17, 2026
HomeUncategorizedबालाघाट में री-नीट 2026 शांतिपूर्ण संपन्न, 89.43 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

बालाघाट में री-नीट 2026 शांतिपूर्ण संपन्न, 89.43 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) री-एग्जाम 2026 का आयोजन शनिवार को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। जिले में कुल 3,112 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 2,783 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 329 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल 89.43 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सुविधा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय में 600 में से 509 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 84.83 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। शासकीय कन्या उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय बुढ़ी में 232 में से 214 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा उपस्थिति 92.24 प्रतिशत रही। शासकीय कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज में 240 में से 226 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 94.17 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

शासकीय एमएलबी विद्यालय में 480 में से 424 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा उपस्थिति 88.33 प्रतिशत रही। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 240 में से 220 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 91.67 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज हुई। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में 480 में से 403 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जहां 83.96 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय भरवेली में 360 में से 336 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 93.33 प्रतिशत उपस्थिति रही। वहीं जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 480 में से 451 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 93.96 प्रतिशत उपस्थिति के साथ यह केंद्र जिले में सर्वाधिक उपस्थिति वाला केंद्र रहा।

री-नीट परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया गया। अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया तथा पूरी परीक्षा प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखा गया।

जिला प्रशासन के अनुसार सभी आठों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कहीं से भी नकल, अव्यवस्था अथवा किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। प्रशासन की सतर्कता और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के कारण री-नीट (यूजी) 2026 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

नीट-यूजी देशभर में मेडिकल एवं डेंटल पाठ्यक्रमों में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में री-एग्जाम के सफल आयोजन से उन हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रहे हैं। जिले में लगभग 90 प्रतिशत उपस्थिति विद्यार्थियों के उत्साह एवं प्रतिस्पर्धा की बढ़ती भावना को भी दर्शाती है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments