
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | खैरलांजी/बालाघाट
जनपद पंचायत खैरलांजी की नवनिर्वाचित कार्यवाहक अध्यक्ष खुश्बू गिरीश बिसेन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं की घोषणा की। उन्होंने शिक्षा, सरकारी स्कूलों के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नल-जल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए खुश्बू गिरीश बिसेन ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सरकारी विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधूरी नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने, विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक पंचायत तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यवाहक अध्यक्ष ने पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से जनपद पंचायत खैरलांजी को विकास की नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए चुनाव के दौरान किए गए जनहित के वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समर्थकों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर नवनिर्वाचित कार्यवाहक अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

