

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | वारासिवनी/खैरलांजी
महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों तथा भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में मंगलवार को वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन आयोजित किया गया। विधायक विवेक विक्की पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में हजारों किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की।
विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। “महंगाई की मार नहीं सहेगा मध्यप्रदेश”, “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं को रोजगार दो” और “किसानों का शोषण बंद करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
धरना सभा को संबोधित करते हुए विधायक विवेक विक्की पटेल ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई से परेशान है, किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है और युवा बेरोजगारी के कारण निराश हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है और दैनिक उपयोग की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सम्राट ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने में असफल रही है। किसानों को खाद, बीज और सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद लिलहारे ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल पिपलेवार ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील राणा ने भर्ती परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी वारासिवनी अध्यक्ष तेजराम नागपुरे ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से गरीब, किसान, मजदूर और युवा सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
धरना सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता जितू राजपूत ने भी पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री सहित क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भाजपा नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठाए और जनता के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। महिलाओं ने बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर के दामों और घरेलू खर्चों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में कमी, खाद्य पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत तथा पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया तो गांव-गांव और शहर-शहर जनआंदोलन चलाया जाएगा। प्रदर्शन में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में जनता के बढ़ते असंतोष का संकेत देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

