अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पंचशील बुद्ध विहार में दो दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
स्वराज मेश्राम
मूकनायक,
बिलासपुर छत्तीसगढ़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पंचशील बुद्ध विहार, शिव टॉकीज चौक, बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय योग अभ्यास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम दिवस उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक योग गुरु भरत दिगंबर पाटिल के कुशल मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षक ने नियमित योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी संतुलित और सकारात्मक बनाता है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एस.आर. वाल्के, मुकेश गोंडाले, योगेश मानवटकर, वंदना भांगे, अनामिका पाटिल, चेतना तमाने, सुषमा मेश्राम, मीरा ताई एवं लक्ष्मी वैद्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाते हैं। उन्होंने नागरिकों से कार्यक्रम के दूसरे दिवस, 21 जून की प्रातः आयोजित होने वाली योग गतिविधियों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
“योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं” के संदेश के साथ कार्यक्रम का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



