
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। रविवार तड़के लगभग 4 बजे कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया। सुबह-सुबह कलेक्टर के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इमरजेंसी वार्ड, विभिन्न वार्डों, शौचालयों एवं अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी ली। कुछ शिकायतें मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने ड्यूटी रजिस्टर की जांच करते हुए कर्मचारियों एवं डॉक्टरों की उपस्थिति की समीक्षा की तथा लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अनुपस्थित कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दवाइयों की उपलब्धता, ऑक्सीजन व्यवस्था, पैथोलॉजी सेवाएं एवं मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया जाए तथा प्रत्येक वार्ड में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध रहे।
मरीजों एवं परिजनों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे औचक निरीक्षणों से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

